
'पुष्पा' में अपने स्वाभाविक अभिनय से लाखों दिल जीत चुकी रश्मिका इस बार पूरी तरह बदली हुई नजर आ रही हैं। ‘मैसा’ के पोस्टर में वह साड़ी पहने, खून से सने चेहरे और तीखी आंखों के साथ एक धारदार हथियार थामे हुए दिखती हैं। यह रूप जितना हिंस्र है, उतना ही संजीदा और संवेदनशील भी प्रतीत होता है। पोस्टर साझा करते हुए रश्मिका ने लिखा— हर बार मैं आपको कुछ नया, कुछ चुनौतीपूर्ण देना चाहती हूं। 'मैसा' एक ऐसी कहानी है, जिसका किरदार और दुनिया मेरे लिए भी अपरिचित रही है। यह अनुभव डराने वाला भी है। मैं नर्वस हूं, लेकिन उतनी ही उत्साहित भी।
रवींद्र पुले ने 'मैसा' का निर्देशन किया है , जिनका नाम ‘सीता रामम’, ‘अर्ध शताब्दीम’ और ‘अर्जुन चक्रवर्ती’ जैसी फिल्मों से जुड़ा रहा है। अजय और अनिल सय्यापुरेड्डी इस फिल्म के निर्माता हैं, जबकि साई गोपा सह-निर्माता की भूमिका में हैं। फिल्म का निर्माण अनफॉर्मूला फिल्म्स के बैनर तले किया जा रहा है।
फर्स्ट लुक के सामने आते ही सोशल मीडिया पर रश्मिका के इस खौफनाक अवतार की जमकर चर्चा हो रही है। किसी ने इसे “ब्लॉकबस्टर की गारंटी” बताया, तो किसी ने कहा, “रश्मिका एक नई ऊंचाई छूने जा रही हैं।” उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले रश्मिका ने इंस्टाग्राम पर फिल्म की पहली झलक साझा करते हुए प्रशंसकों से फिल्म के शीर्षक का अनुमान लगाने को कहा था—सही जवाब देने वालों से मिलने का वादा भी किया गया था।
इससे पहले रश्मिका मंदाना फिल्म 'कुबेर' में दिखाई दी थीं, जिसमें वह धनुष और नागार्जुन के साथ नजर आई थीं। उस फिल्म को शेखर कम्मुला ने निर्देशित किया था। अब ‘मैसा’ के साथ रश्मिका एक बार फिर खुद को बतौर परफॉर्मर एक नई परिभाषा देने के लिए तैयार दिख रही हैं। Rashmika Mandanna