नशे में चूर नहीं थी रवीना टंडन, जानें एक्ट्रेस के साथ हुई मारपीट की सच्चाई?
Raveena Tandon Assault
भारत
चेतना मंच
29 Nov 2025 02:51 PM
Raveena Tandon Assault : बॉलीवुड एक्ट्रेस रवीना टंडन को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। खबर है कि एक्ट्रेस रवीना टंडन और उनके ड्राइवर पर एक बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। वहीं इस मामले में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है। आपको बता दें एक्ट्रेस रवीना टंडन पर शनिवार रात को मारपीट का आरोप लगा था। जिसके बाद सोशल मीडिया पर भी उनका वीडियो जमकर वायरल हो रहा था। कुछ लोगों ने रवीना की अलोचना की तो कुछ उसके सपोर्ट में नजर आए थे। अब इस मामले में अपडेट आई है कि दोनों पक्षों की तरफ से यह लिखित में दिया गया है कि उन्हें अब एक-दूसरे से कोई शिकायत नहीं है। आइए जानते है क्या था पूरा मामला ....
शिकायतकर्ता ने की थी झूठी शिकायत
मिली जानकारी के अनुसार मुंबई के खार पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी का कहना है कि 'शिकायतकर्ता ने कथित वीडियो में झूठी शिकायत कर दी थी। हमने सोसाइटी की पूरी CCTV फुटेज चेक की और पाया कि रवीना का ड्राइवर सड़क से सोसाइटी में कार रिवर्स कर रहा था, जब यह परिवार उनकी कार के पास से गुजरा। परिवार ने कार रोक कर ड्राइवर को बताया कि रिवर्स करने से पहले उसे देखना चाहिए कि पीछे कोई व्यक्ति है या नहीं। इस बात पर उनके बीच बहस शुरू हो गई।
रवीना की कार ने किसी को टक्कर नहीं मारी
इस मामले में पुलिस अधिकारी ने आगे बताया- यही बहस गाली-गलौज में बदल गई और रवीना मौके यह देखने के लिए आईं कि उनके ड्राइवर के साथ क्या हुआ। एक्ट्रेस ने अपने ड्राइवर को भीड़ से बचाने की कोशिश की पर भीड़ ने उन्हें ही गाली देना शुरू कर दिया था। घटना में कोई घायल नहीं हुआ है। हमने CCTV फुटेज चेक की तो पाया कि कार ने किसी को टक्कर नहीं मारी और रवीना भी नशे में नहीं थीं।'
पीड़िता के बेटे ने किया था मारपीट का दावा
आपको बता दें कि इससे पहले पीड़िता के बेटे ने दावा किया था कि मुंबई के बांद्रा में रिजवी लॉ कॉलेज के पास उनकी मां को रवीना की गाड़ी से चोट लग गई। इसके बाद रवीना का ड्राइवर गाड़ी से निकला और उनकी मां के साथ ही परिवार के अन्य सदस्यों से भी बहस शुरू कर दिया था। इतना ही नहीं वह हाथापाई पर भी उतर आया। इसके बाद रवीना भी गाड़ी से उतरीं और उन लोगों से मारपीट करने लगीं।
रवीना ने वीडियो शूट करने से किया था मना
दरअसल सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आई है, जिसमें रवीना टंडन को पीड़ित परिवार और लोकल भीड़ ने घेर रखा है। लोग पुलिस को बुलाने की बात कर रहे हैं। इसी बीच पीड़ित महिला की बेटी रवीना से कहती है, 'आपको पूरी रात जेल में बितानी होगी। मेरी नाक से खून बह रहा है।' वहीं रवीना भीड़ से कहती हुई सुनाई दीं, 'प्लीज मुझे धक्का मत दो.. मुझे मत मारो..।' एक्ट्रेस वहां मौजूद भीड़ से वीडियो ना शूट करने से मना कर रही थी। लेकिन फिर भी उनकी वीडियो शूट की गई।
https://twitter.com/sagarlohatkar/status/1797200144448069801
रवीना ने गाड़ी से निकलकर नहीं की थी मारपीट
सोशल मीडिया पर रविवार यानी 2 जून को यह खबर फैली थी कि पीड़ित ने थाने में मामला दर्ज कराने की कोशिश की थी लेकिन उनका कहना था कि पुलिस एक्शन लेने में सख्ती नहीं दिखा रही है। जिस महिला को चोट लगने का दावा किया जा रहा था, उसकी उम्र 70 साल बताई जा रही थी। इसके अलावा उसके बेटे मोहम्मद ने कहा- हम लोग अपनी बिटिया का रिश्ता तय करने कहीं बाहर निकले थे। रास्ते में रिजवी लॉ कॉलेज के पास रवीना की गाड़ी खड़ी थी। हम लोग वहां से निकल ही रहे थे तभी गाड़ी थोड़ी रिवर्स हो गई। जिसके कारण मेरी मां को जोरदार टक्कर लग गई थी। हमने इसे लेकर विरोध किया तो ड्राइवर अनाप-शनाप बकने लगा था। उस वक्त गाड़ी में एक्ट्रेस रवीना टंडन मौजूद थी। वे भी गाड़ी से निकलकर हमसे बहस करने लगीं। वे शराब के नशे में चूर थीं और मेरी मां के साथ मारपीट करने लगीं थी।
घटना पर रवीना ने किया रिएक्ट
आपको बता दें कि इस मामले में एक्ट्रेस रवीना टंडन ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर मामले को लेकर आई खबरों को शेयर किया है। एक्ट्रेस ने मिड डे समते कई मीडिया ऑर्गेनाइजेशन की न्यूज को अपनी इंस्टा स्टोरी में पोस्ट किया है। रवीना टंडन ने अपने एक्स अकाउंट पर भी घटना को लेकर पुलिस का आधिकारिक बयान पोस्ट किया है। Raveena Tandon Assault