चंडीगढ़ की जिला अदालत ने 'बीइंग ह्यूमन' ज्वेलरी शोरूम से जुड़े एक कथित धोखाधड़ी मामले में दोनों को समन जारी किया है। अदालत ने 'स्टाइल एंड कंटेंट ज्वेलरी प्राइवेट लिमिटेड' के डायरेक्टर्स को भी नोटिस भेजते हुए 5 अक्टूबर को अपना पक्ष रखने और शिकायत में लगाए गए आरोपों पर जवाब देने को कहा है।

बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान और उनकी बहन अलवीरा खान अग्निहोत्री एक बार फिर चर्चा में हैं। चंडीगढ़ की जिला अदालत ने 'बीइंग ह्यूमन' ज्वेलरी शोरूम से जुड़े एक कथित धोखाधड़ी मामले में दोनों को समन जारी किया है। अदालत ने 'स्टाइल एंड कंटेंट ज्वेलरी प्राइवेट लिमिटेड' के डायरेक्टर्स को भी नोटिस भेजते हुए 5 अक्टूबर को अपना पक्ष रखने और शिकायत में लगाए गए आरोपों पर जवाब देने को कहा है।
यह मामला चंडीगढ़ के कारोबारी अरुण गुप्ता की शिकायत से जुड़ा है। उन्होंने साल 2021 में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। अब इसी शिकायत पर जिला अदालत में सुनवाई चल रही है। फिलहाल अदालत ने सभी संबंधित पक्षों को अपना पक्ष रखने के लिए समन जारी किया है। यह समन किसी को दोषी ठहराने के लिए नहीं बल्कि अदालत के सामने जवाब पेश करने के लिए जारी किया गया है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अरुण गुप्ता का दावा है कि कुछ साल पहले उनकी मुलाकात सलमान खान से बिग बॉस के सेट पर हुई थी। उनका कहना है कि उन्हें 'बीइंग ह्यूमन' ज्वेलरी शोरूम खोलने के लिए प्रेरित किया गया और भरोसा दिलाया गया कि इससे अच्छा कारोबार होगा। इसी भरोसे पर उन्होंने अलवीरा खान के ब्रांड की फ्रेंचाइजी ली और करीब 3 करोड़ रुपये का निवेश कर चंडीगढ़ के मनीमाजरा में शोरूम शुरू किया। शिकायत के मुताबिक, उन्होंने 'स्टाइल एंड कंटेंट ज्वेलरी प्राइवेट लिमिटेड' के साथ एग्रीमेंट भी किया था जो 'बीइंग ह्यूमन' ज्वेलरी की मार्केटिंग का लाइसेंस रखती है।
अरुण गुप्ता का आरोप है कि उन्होंने समझौते की सभी शर्तों का पालन किया और शोरूम तैयार करने में ही करीब 1 करोड़ रुपये खर्च किए। लेकिन शोरूम शुरू होने के बाद कंपनी की ओर से वादा किया गया बिजनेस सपोर्ट नहीं मिला। उनका कहना है कि फरवरी 2020 से ज्वेलरी सप्लाई करने वाला स्टोर भी बंद हो गया जिससे सामान की कमी होने लगी और कारोबार पर सीधा असर पड़ा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शोरूम के उद्घाटन के समय सलमान खान के आने का भरोसा दिया गया था लेकिन उनकी जगह आयुष शर्मा पहुंचे। शिकायतकर्ता का कहना है कि उन्हें इस पूरे प्रोजेक्ट में गलत जानकारी देकर निवेश करने के लिए तैयार किया गया।
इन आरोपों पर कंपनी पहले ही अपना पक्ष रख चुकी है। कंपनी का कहना है कि 2018 में हुए समझौते में सलमान खान की कोई सीधी भूमिका नहीं थी। कंपनी के मुताबिक, 'बीइंग ह्यूमन' ब्रांड का लाइसेंस उन्हें मिला था जबकि ज्वेलरी के संचालन, मार्केटिंग और बिक्री की पूरी जिम्मेदारी कंपनी की थी। इसलिए बिजनेस से जुड़े फैसले कंपनी के स्तर पर लिए गए थे।
विज्ञापन