विज्ञापन
Sapna Choudhary News; सपना चौधरी और वीर साहू की पहली मुलाकात साल 2016 में हिसार की एक गोशाला में आयोजित कार्यक्रम के दौरान हुई थी। उस समय दोनों अपनी-अपनी दुनिया में पहचान बना चुके थे। हालांकि पहली मुलाकात में सपना चौधरी पर वीर साहू का कोई खास प्रभाव नहीं पड़ा था।

Sapna Choudhary News; हरियाणवी मनोरंजन जगत की सबसे चर्चित जोड़ियों में गिने जाने वाले सपना चौधरी और वीर साहू इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चाओं में हैं। कभी दोनों की प्रेम कहानी को लोग मिसाल मानते थे लेकिन अब यही रिश्ता विवादों और कानूनी प्रक्रिया तक पहुंच गया है। हाल ही में सपना चौधरी द्वारा पति वीर साहू के खिलाफ कोर्ट का दरवाजा खटखटाने के बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया है। दोनों की लव स्टोरी, शादी और फिर रिश्ते में आई दूरियों को लेकर लोग लगातार सवाल पूछ रहे हैं। आखिर ऐसा क्या हुआ कि कई सालों का साथ और अब बात अलग होने तक पहुंच गई? आइए जानते हैं।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सपना चौधरी और वीर साहू की पहली मुलाकात साल 2016 में हिसार की एक गोशाला में आयोजित कार्यक्रम के दौरान हुई थी। उस समय दोनों अपनी-अपनी दुनिया में पहचान बना चुके थे। हालांकि पहली मुलाकात में सपना चौधरी पर वीर साहू का कोई खास असर नहीं पड़ा था। कुछ समय बाद दोनों की दूसरी मुलाकात एक अवॉर्ड शो में हुई। इस बार बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ और धीरे-धीरे दोनों एक-दूसरे को समझने लगे। यही दोस्ती समय के साथ प्यार में तब्दील हो गई।
लगातार मुलाकातों और बातचीत के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। करीब चार साल तक एक-दूसरे को जानने के बाद दोनों ने साल 2020 में शादी कर ली। पारिवारिक परिस्थितियों के कारण शादी को सार्वजनिक नहीं किया गया। बाद में जब सपना चौधरी मां बनीं तब लोगों को उनकी शादी की जानकारी मिली।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सूत्रों के अनुसार, दोनों के बीच अनबन की शुरुआत शादी के कुछ महीनों बाद ही होने लगी थी। दोनों की लाइफस्टाइल और सोच एक-दूसरे से काफी अलग थी। वीर साहू गांव और फार्म हाउस की जिंदगी पसंद करते हैं। दूसरी ओर सपना चौधरी ग्लैमर इंडस्ट्री का बड़ा नाम हैं और उनका काम लगातार सफर, कार्यक्रमों और सार्वजनिक आयोजनों से जुड़ा रहता है। बताया जाता है सपना चौधरी अक्सर अपनी बहन के साथ मोहाली में रहती थीं जबकि वीर साहू अपने गांव और फार्म हाउस पर ज्यादा समय बिताते थे। दोनों के दो बच्चे होने के बावजूद यह दूरी पूरी तरह खत्म नहीं हो पाई।
दोनों के बीच दूरियां शादी की पहली सालगिराह पर दिखीं जब सपना चौधरी से जश्न मनाने को लेकर सवाल पूछा गया था तो उन्होंने कहा था कि वह अकेले ही अपना दिन मना लेंगी। वहीं वीर साहू की ओर से भी यह संकेत मिला था कि उन्हें इस तरह के सेलिब्रेशन में ज्यादा दिलचस्पी नहीं है।
सोशल मीडिया पर भी दोनों लंबे समय से एक-दूसरे के साथ दिखाई नहीं दिए। पिछले कुछ वर्षों में दोनों ने कोई तस्वीर या वीडियो साथ में साझा नहीं किया। फैंस ने भी कई बार इस बात को नोटिस किया कि सपना और वीर एक-दूसरे को सोशल मीडिया पर फॉलो नहीं करते हैं। हालांकि उस समय किसी ने यह नहीं सोचा था कि मामला इतना सीरियस हो सकता है।
हाल ही में सपना चौधरी ने पति वीर साहू के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए दिल्ली की द्वारका महिला कोर्ट का रुख किया। मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने अंतरिम राहत देते हुए वीर साहू को अगली सुनवाई तक सपना चौधरी के संपर्क में आने, उनके घर या कार्यस्थल पर जाने और किसी भी प्रकार से परेशान करने से रोक दिया है। कोर्ट के इस आदेश के बाद मामला और अधिक चर्चा में आ गया है। हालांकि अभी कानूनी प्रक्रिया जारी है और मामले की आगे सुनवाई होनी बाकी है।
कोर्ट में सुनवाई के बाद सपना चौधरी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया जिसके कैप्शन ने लोगों का ध्यान खींचा। इसके कुछ समय बाद वीर साहू ने भी एक रील पोस्ट की। दोनों की पोस्ट को फैंस ने मौजूदा विवाद से जोड़कर देखा और सोशल मीडिया पर चर्चा का दौर शुरू हो गया। हालांकि दोनों में से किसी ने भी सीधे तौर पर रिश्ते को लेकर सार्वजनिक बयान नहीं दिया है।
विज्ञापन