Shah Rukh Khan: अब उस पूरी बिल्डिंग के मालिक शाहरुख खान बन गए हैं। पहले उनके पास इस प्रॉपर्टी का बेसमेंट और पहला फ्लोर था जबकि अब उन्होंने दूसरे और तीसरे फ्लोर को भी खरीद लिया है।

Shah Rukh Khan Delhi House: बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान एक बार फिर अपने पुराने दिल्ली वाले घर को लेकर चर्चा में हैं। दक्षिण दिल्ली के पॉश इलाके पंचशील पार्क स्थित जिस घर से उनकी शादी के बाद की कई यादें जुड़ी हैं अब उस पूरी बिल्डिंग के मालिक शाहरुख खान बन गए हैं। पहले उनके पास इस प्रॉपर्टी का बेसमेंट और पहला फ्लोर था जबकि अब उन्होंने दूसरे और तीसरे फ्लोर को भी खरीद लिया है। मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के मुताबिक, इस सौदे की कीमत करीब 37 करोड़ रुपये है।
शाहरुख खान का यह घर दक्षिण दिल्ली के पंचशील पार्क में स्थित है जिसे राजधानी के सबसे प्रीमियम और महंगे रिहायशी इलाकों में गिना जाता है। प्रॉपर्टी पोर्टल Magicbricks.com के मुताबिक, पंचशील पार्क अपनी बेहतरीन लोकेशन, चौड़ी सड़कों, हरियाली और लग्जरी बंगलों के लिए जाना जाता है। यहां बड़े कारोबारी, उद्योगपति और कई नामी हस्तियों के घर हैं। इसी वजह से इस इलाके की गिनती दिल्ली के सबसे प्रतिष्ठित रेजिडेंशियल क्षेत्रों में होती है और यहां की प्रॉपर्टी की कीमतें भी काफी ऊंची मानी जाती हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, यह पूरा प्लॉट करीब 1,200 स्क्वायर यार्ड यानी लगभग 10,800 स्क्वायर फीट में फैला हुआ है। दूसरे और तीसरे फ्लोर को खरीदने के लिए शाहरुख खान ने करीब 37 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि इस सौदे में जमीन की कीमत लगभग 34,260 रुपये प्रति स्क्वायर फीट आंकी गई है। इस खरीद के बाद अब पूरी बिल्डिंग का मालिकाना हक आधिकारिक तौर पर शाहरुख खान के पास आ गया है।
यह घर शाहरुख खान और गौरी खान की जिंदगी का बेहद खास हिस्सा रहा है। दोनों की शादी 25 अक्टूबर 1991 को हुई थी। उनकी शादी कोर्ट मैरिज, पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाज और निकाह, तीनों तरीकों से संपन्न हुई थी। शादी के बाद दोनों इसी घर में रहने लगे थे। बाद में शाहरुख फिल्मों में अपना करियर बनाने के लिए मुंबई चले गए लेकिन दिल्ली का यह घर हमेशा उनकी यादों का अहम हिस्सा बना रहा।
गौरी खान पहले भी कई बार इस घर के बारे में बात कर चुकी हैं। उन्होंने बताया था कि वह दिल्ली में पली-बढ़ी हैं और अपनी मां के घर के पास ऐसा घर चाहती थीं जहां परिवार की पुरानी यादों को संजोकर रखा जा सके। इसी सोच के साथ उन्होंने इस घर को खुद डिजाइन किया। उनके मुताबिक, घर का हर हिस्सा परिवार के साथ बिताए अलग-अलग समय की याद दिलाता है।
बताया जा रहा है कि, गौरी खान ने इस घर में एक खास 'नॉस्टैल्जिया वॉल' भी बनाई है। इस दीवार पर परिवार से जुड़ी कई यादगार चीजें सहेजकर रखी गई हैं। इसमें बेटी सुहाना खान के मेकअप ब्रश, बेटे आर्यन खान का बैडमिंटन रैकेट, अबराम का पहला बर्थडे गिफ्ट और शाहरुख खान के बनाए कुछ आर्टवर्क शामिल हैं। इसके अलावा शाहरुख की ओर से मिले कुछ एंटीक सामान और पोस्टकार्ड भी फ्रेम करके इसी दीवार पर लगाए गए हैं। यह उनके घर का सबसे पसंदीदा कोना है क्योंकि यहां परिवार की सबसे खूबसूरत यादें एक साथ मौजूद हैं।
विज्ञापन