सलमान खान के भाई सोहेल खान ने खुलासा किया कि वह अपने बेटे का नाम राम रखना चाहते थे। जानिए आखिर ऐसा क्या हुआ कि बेटे का नाम निर्वान रखा गया और इसके पीछे की पूरी दिलचस्प कहानी।

सलमान खान के छोटे भाई और अभिनेता सोहेल खान इन दिनों अमेजन प्राइम वीडियो के रियलिटी शो 'अलायंस' में नजर आ रहे हैं। इस शो में उनकी एक्स वाइफ सीमा भी शामिल हैं। हाल ही में शो के एक एपिसोड का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें सोहेल खान ने अपने बड़े बेटे निर्वान के नाम से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया। बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि वह अपने बेटे का नाम 'राम खान' रखना चाहते थे, लेकिन बच्चे के जन्म के बाद परिस्थितियां ऐसी बनीं कि उनका फैसला बदल गया।
शो में अभिनेता अली गोनी ने खान परिवार के बच्चों की तारीफ करते हुए कहा कि सभी बच्चे बेहद संस्कारी हैं और सोहेल का बेटा तो बिल्कुल उनकी कार्बन कॉपी लगता है। इस पर सोहेल खान ने अपने बेटे के नाम से जुड़ी कहानी सुनाई।
उन्होंने बताया कि जब सीमा प्रेग्नेंट थीं और उनका बड़ा बेटा उनकी कोख में था, तब दोनों ने मजाक-मजाक में तय किया था कि अगर बेटा होगा तो उसका नाम सोहेल रखेंगे और अगर बेटी होगी तो नाम रखने का अधिकार सीमा को मिलेगा। सोहेल ने कहा कि वह अपने बेटे का नाम 'राम खान' रखना चाहते थे।
सोहेल खान ने बताया कि जब उनके बेटे का जन्म हुआ तो डॉक्टर ने उन्हें बेटे के जन्म की खुशखबरी दी। इसके बाद वह सीमा के पास पहुंचे, जो उस समय बेहोशी की हालत में थीं। जैसे ही सीमा ने उन्हें देखा, उन्होंने सबसे पहले पूछा, "निर्वान कैसा है?"
सोहेल ने कहा कि उस पल उन्हें लगा कि सीमा ने तो पहले ही बच्चे का नाम तय कर दिया है। उनके मुताबिक, सीमा के मुंह से जिस सहजता से 'निर्वान' नाम निकला, उसके बाद उनका मन ही नहीं हुआ कि वह नाम बदलें। इसी वजह से उनके बेटे का नाम निर्वान रखा गया।
सोहेल खान ने बातचीत के दौरान यह भी कहा कि उन्हें लगता है कि इंसान का नाम उसकी पहचान और व्यक्तित्व पर असर डालता है। उन्होंने बताया कि निर्वान का अर्थ शांति होता है। यही वजह थी कि उन्हें यह नाम भी बेहद पसंद आया और उन्होंने इसे ही अपने बेटे का नाम बनने दिया।
सोहेल खान और सीमा सजदेह की मुलाकात साल 1998 में फिल्म 'प्यार किया तो डरना क्या' की शूटिंग के दौरान हुई थी। सीमा उस समय दिल्ली से मुंबई फैशन डिजाइनिंग में करियर बनाने आई थीं। दोनों की मुलाकात कॉमन दोस्तों के जरिए हुई और धीरे-धीरे दोनों एक-दूसरे के करीब आ गए। परिवार की नाराजगी के बावजूद दोनों ने घर से भागकर शादी की। पहले उन्होंने आर्य समाज मंदिर में विवाह किया और बाद में उसी दिन निकाह भी किया।
हालांकि, शादी के करीब 24 साल बाद दोनों ने अलग होने का फैसला किया। तलाक के बाद भी दोनों के बीच सम्मानजनक रिश्ता बना हुआ है और अब दोनों अमेजन प्राइम वीडियो के रियलिटी शो 'अलायंस' में साथ नजर आ रहे हैं। इसी शो में सोहेल खान ने अपने बेटे के नाम से जुड़ा यह दिलचस्प किस्सा साझा किया, जो अब सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में है।
विज्ञापन