शाहरुख की बेटी पर कानूनी शिकंजा! कागज पर किसान बनी सुहाना खान?
भारत
चेतना मंच
03 Sep 2025 10:48 AM
सुहाना खान पर अलीबाग जमीन विवाद के आरोप: बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान की बेटी सुहाना खान इन दिनों जमीन विवाद को लेकर सुर्खियों में हैं। खबर है कि उन्होंने अलीबाग के थल गांव में करोड़ों रुपये की कीमत वाली जमीन खरीदी, लेकिन यह जमीन किसानों के लिए अलॉट की गई थी। आरोप है कि सुहाना ने खरीद प्रक्रिया पूरी करते समय जरूरी कागजात और परमिशन पूरी नहीं की। यही वजह है कि अब यह मामला जांच के दायरे में आ गया है और सुहाना पर कानूनी शिकंजा कसता दिखाई दे रहा है।
करोड़ों की जमीन, लाखों की स्टैंप ड्यूटी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुहाना खान ने करीब 13 करोड़ रुपये की इस जमीन पर 77 लाख रुपये स्टैंप ड्यूटी दी थी। यह जमीन मुंबई के एक बिजनेसमैन से खरीदी गई और इसका ट्रांसफर 30 मई 2023 को स्टैंडर्ड चार्टर्ड बैंक के जरिए किया गया। जमीन की यह डील अब जांच एजेंसियों की राडार पर है।
कंपनी के नाम पर खरीदे प्लॉट
सुहाना ने साल 2023-24 में दो प्लॉट खरीदे थे, जिनकी कुल कीमत लगभग 22 करोड़ रुपये बताई जा रही है। ये दोनों प्लॉट ‘देजा वू फार्म प्राइवेट लिमिटेड’ नाम की कंपनी के नाम से रजिस्टर्ड कराए गए हैं। इस कंपनी में गौरी खान की मां और सिस्टर-इन-लॉ का नाम भी शामिल है। आरोप यह भी है कि सुहाना खान ने जमीन खरीदते समय कागजों में खुद को किसान बताया, ताकि वह जमीन खरीदने के योग्य दिखें।
प्रशासन की जांच और रिपोर्ट
जमीन विवाद ने अब कानूनी मोड़ ले लिया है। डिप्टी कलेक्टर संदेश शिकरे ने अलीबाग के तहसीलदार से इस केस में निष्पक्ष रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट आने के बाद ही तय होगा कि सुहाना खान पर लगे आरोप कितने सही हैं और आगे इस मामले में क्या कदम उठाए जाएंगे।
एक्टिंग करियर पर भी टिकीं निगाहें
सुहाना खान का नाम अभी हाल ही में डेब्यू फिल्म ‘द आर्चीज’ के जरिए चर्चा में आया था, लेकिन फिल्म को खास रिस्पॉन्स नहीं मिला। अब वह अपने पिता शाहरुख खान के साथ फिल्म ‘किंग’ में नजर आने वाली हैं। ऐसे में जमीन विवाद के कारण उनका नाम एक बार फिर सुर्खियों में है और फैंस उनकी हर गतिविधि पर नज़र बनाए हुए हैं।
पराग त्यागी ने पूरी की शेफाली जरीवाला की आखिरी ख्वाहिश, शुरू किया खास फाउंडेशन