विज्ञापन

Bollywood News : भारतीय फिल्म और टेलीविजन जगत की एक अहम शख्सियत, अभिनेता, निर्माता और निर्देशक धीरज कुमार अब हमारे बीच नहीं रहे। 79 वर्षीय धीरज कुमार का मंगलवार को मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में निधन हो गया। वह पिछले कुछ दिनों से निमोनिया से पीड़ित थे और हालत बिगड़ने के बाद उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी सेहत में कोई सुधार नहीं हो सका। धीरज कुमार के परिवार ने इस दुखद समय में निजता की अपील की है। हाल ही में उन्हें नवी मुंबई के खारघर स्थित ISKCON मंदिर के एक कार्यक्रम में देखा गया था, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार की सराहना की थी। उस कार्यक्रम में उनकी उपस्थिति से किसी को अंदेशा नहीं था कि यह उनका आखिरी सार्वजनिक कार्यक्रम होगा।
सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (CINTAA) ने भी धीरज कुमार के निधन पर शोक जताते हुए X (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, हम वरिष्ठ अभिनेता एवं सदस्य श्री धीरज कुमार जी के निधन से गहरे दुखी हैं। वह 1970 से CINTAA के सम्मानित सदस्य थे। उनके योगदान और उपस्थिति को हम सदैव स्मरण करेंगे। उनके परिजनों के प्रति हमारी गहन संवेदनाएं। ॐ शांति।
धीरज कुमार ने 1965 में एक टैलेंट शो के माध्यम से एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में कदम रखा था। उस प्रतियोगिता में उनके साथ सुभाष घई और राजेश खन्ना जैसे दिग्गज भी प्रतिभागी थे, जिसमें राजेश खन्ना विजेता बने थे। शुरुआती दौर में उन्होंने पंजाबी सिनेमा में सक्रिय रहते हुए 21 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया। बॉलीवुड में भी उन्होंने ‘हीरा पन्ना’, ‘सरगम’, ‘रातों का राजा’, ‘रोटी कपड़ा और मकान’ जैसी फिल्मों में सशक्त भूमिकाएं निभाईं। मगर, उनकी असली पहचान बनी टेलीविजन में रचे गए उनके ऐतिहासिक और पौराणिक धारावाहिकों से।
धीरज कुमार ने भारतीय टेलीविजन को ‘ओम नमः शिवाय’, ‘अदालत’, ‘कहां गए वो लोग’, ‘सिंहासन बत्तीसी’, ‘ये प्यार ना होगा कम’, ‘मायका’ जैसे कई यादगार धारावाहिक दिए। उन्होंने 'क्रिएटिव आइ' नाम से प्रोडक्शन हाउस की स्थापना की थी, जिसके तहत उन्होंने कंटेंट निर्माण में एक नया मानक स्थापित किया। वह कंपनी के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर भी थे। उनकी दृष्टि, समर्पण और रचनात्मकता ने भारतीय दर्शकों को न केवल मनोरंजन दिया, बल्कि आध्यात्मिक और सामाजिक जुड़ाव भी कराया। Bollywood News
विज्ञापन