सिंगर जुबिन गर्ग की मौत का रहस्य गहराया! DSP चचेरा भाई गिरफ्तार, SIT ने बढ़ाई जांच की रफ्तार
भारत
चेतना मंच
08 Oct 2025 01:53 PM
असम के मशहूर सिंगर जुबिन गर्ग की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस केस की जांच कर रही स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने जुबिन के चचेरे भाई संदीपन गर्ग को गिरफ्तार किया है। खास बात यह है कि संदीपन खुद असम पुलिस में डीएसपी (DSP) के पद पर तैनात हैं।
पहली विदेश यात्रा बनी आखिरी सफर
जुबिन गर्ग 19 सितंबर को अपने दोस्तों और टीम मेंबर्स के साथ सिंगापुर गए थे। बताया जा रहा है कि वह एक याच (Yacht) पार्टी में शामिल हुए थे, जहां उनकी मौत डूबने से हो गई थी। यह उनकी पहली विदेश यात्रा थी, जो उनके लिए आखिरी साबित हुई।
SIT ने की पांचवीं गिरफ्तारी
इस केस में अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। 2 अक्टूबर को पुलिस ने जुबिन के बैंड में शामिल शेखर ज्योति गोस्वामी और अमृतवर्व महंत को गिरफ्तार किया था। दोनों सिंगापुर की उसी याच पार्टी में मौजूद थे। इसके अलावा जुबिन के मैनेजर सिद्धार्थ शर्मा और फेस्टिवल मैनेजर श्यामकनु महंत को भी पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
डीएसपी संदीपन से पांच दिन चली पूछताछ
रिपोर्ट्स के मुताबिक, जुबिन के चचेरे भाई संदीपन गर्ग से पिछले पांच दिनों से लगातार पूछताछ की जा रही थी। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान कई संदिग्ध बातें सामने आईं, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया। बताया जा रहा है कि संदीपन घटना के बाद जुबिन से जुड़ी कुछ निजी चीजें भारत लेकर आए थे, जो अब जांच के दायरे में हैं।
असम सीआईडी का बयान
असम सीआईडी के एसडीजीपी मुन्ना गुप्ता ने बताया, “आज हमने पूछताछ के बाद संदीपन को गिरफ्तार किया है। चूंकि जांच अभी जारी है, इसलिए ज्यादा जानकारी साझा नहीं की जा सकती। उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा और पुलिस कस्टडी की मांग की जाएगी।”