जुबिन गर्ग का आखिरी वीडियो हुआ वायरल? मौत से ठीक पहले पानी में छलांग!
भारत
चेतना मंच
20 Sep 2025 03:07 PM
मशहूर गायक जुबिन गर्ग के निधन की खबर ने पूरे देश को सदमे में डाल दिया है। सिंगर की मौत 19 सितंबर को सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग के दौरान हुई। उनके चाहने वाले इस अचानक हुई घटना पर विश्वास ही नहीं कर पा रहे। इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। दावा किया जा रहा है कि यह वही वीडियो है जब जुबिन गर्ग अपनी मौत से ठीक पहले पानी में छलांग लगाते नजर आए थे।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ जुबिन गर्ग का वीडियो
वायरल हो रहे वीडियो में जुबिन गर्ग लाइफ जैकेट को ठीक करते और फिर पानी में छलांग लगाते नजर आते हैं। उनके साथ और लोग भी दिखाई दे रहे हैं। पानी में कूदने के बाद सिंगर कुछ देर तक तैरते हुए भी दिखते हैं। यही वजह है कि लोग इसे उनका आखिरी वीडियो मान रहे हैं। हालांकि इस वीडियो को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
सिंगापुर में हुआ हादसा
रिपोर्ट्स के मुताबिक, जुबिन गर्ग नॉर्थ ईस्ट फेस्टिवल में परफॉर्म करने सिंगापुर गए थे। लेकिन कॉन्सर्ट से एक दिन पहले वह स्कूबा डाइविंग के लिए गए और अचानक उन्हें सांस लेने में तकलीफ होने लगी। मौके पर ही उन्हें सीपीआर दिया गया और तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।
असम के मुख्यमंत्री ने जताया शोक
जुबिन गर्ग के निधन पर असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि सिंगापुर में पोस्टमार्टम के बाद जुबिन का पार्थिव शरीर भारतीय अधिकारियों को सौंपा जाएगा और इसके बाद उन्हें भारत लाया जाएगा।
संगीत जगत के लिए अपूरणीय क्षति
जुबिन गर्ग सिर्फ एक गायक ही नहीं बल्कि नॉर्थ ईस्ट के संगीत का बड़ा चेहरा थे। उनकी आवाज़ और गाने हमेशा संगीत प्रेमियों के दिलों में जिंदा रहेंगे। उनकी अचानक हुई मौत ने इंडस्ट्री और फैंस दोनों को गहरे सदमे में डाल दिया है।