1984 Anti Sikh Riots: कांग्रेस नेता Sajjan Kumar पर सरस्वती विहार केस में आरोप तय
भारत
चेतना मंच
07 Dec 2021 06:39 PM
नई दिल्ली : 1984 के सिख दंगा (1984 Anti Sikh Riots) मामले में पूर्व कांग्रेस नेता सज्जन कुमार (Sajjan Kumar) नई मुश्किल में फंस गए हैं. दिल्ली की एक अदालत ने पूर्व कांग्रेस नेता सज्जन कुमार के खिलाफ दो लोगों की हत्या के मामले मे आरोप तय कर दिए हैं. 1984 के सिख दंगों के दौरान दिल्ली के सरस्वती विहार इलाके में सरदार जसवंत सिंह और सरदार तरुण दीप सिंह की हत्या हुई थी.
एडिशनल सेशन जज एमके नागपाल ने सज्जन कुमार (Sajjan Kumar) के खिलाफ हत्या और दंगा भड़काने के मामले में आरोप तय किए है. अदालत ने आईपीसी की धारा 147, 149, 148, 302, 308, 323, 395, 397, 427, 436, 440 के तहत दंगा, हत्या और डकैती के अपराधों के तहत सज्जन कुमार के खिलाफ आरोप तय किए हैं.
गौरतलब है कि सज्जन कुमार सिख दंगों के ही एक मामले में अदालत से दोषी साबित होने के बाद सजा भुगत रहे हैं. मृतक के परिवार के सदस्यों ने आरोप लगाया था कि कुमार के नेतृत्व में एक भीड़ ने 1 नवंबर, 1984 को दो लोगों को जिंदा जला दिया था. उन्होंने आरोप लगाया कि कुमार ने "उग्र भीड़ को उकसाया था". शिकायतकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि भीड़ ने उनके घर में भी आग लगा दी थी.