
Agnipath Yojana : केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना को लेकर उपद्रव शनिवार को भी जारी रहा। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में उपद्रवियों ने जहां दो बाइक और एक बस को आग के हवाले कर दिया, वहीं चंदौली रेलवे स्टेशन पर तोड़फोड़ की गई है। इसके अलावा यूपी की राजधानी लखनऊ, सहारनपुर समेत कई शहरों में इस योजना का भारी विरोध हो रहा है। विरोाध स्वरुप प्रदर्शन और नारेबाजी की जा रही है।
अग्निपथ योजना के खिलाफ राष्ट्रीय लोकदल मुखिया जयंत चौधरी दिल्ली के किसान घाट पर धरने पर बैठे हैं। सहारनपुर में भी राष्ट्रीय लोकदल कार्यकर्ताओें ने शांतिपूर्ण तरीके से धरना-प्रदर्शन किया और अग्निपथ के विरोध में सिटी मजिस्ट्रेट विवेक चतुर्वेदी को ज्ञापन सौंपा। मेरठ में रालोद और AAP का प्रदर्शन पूरी तरह फेल रहा। कार्यक्रम में 10 कार्यकर्ता भी नहीं जुटे, जिन्होंने संगठन के टिकट पर चुनाव लड़ा वो भी प्रदर्शन में नहीं आए। लखनऊ के हजरतगंज स्थित राष्ट्रीय लोकदल कार्यालय से प्रदेश अध्यक्ष रामाशीष राय के नेतृत्व में कार्यकर्ता विरोध जताते हुए निकले। पुलिस ने नगर निगम के पास कार्यकर्ताओं को रोक लिया। एसीपी हजरतगंज को राष्ट्रीय लोकदल कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन सौंपा।
यूपी के जौनपुर से शुरू हुआ बवाल अब चंदौली, रायबरेली, बरेली और फिर मिर्जापुर तक पहुंच गया है। रायबरेली में डिग्री कॉलेज चौराहे पर युवाओं ने जाम लगाकर प्रदर्शन किया। बरेली के मीरगंज में दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर उपद्रवियों ने जाम लगा दिया है। बरेली के फतेहगंज पश्चिमी में भी हाईवे पर प्रदर्शन हो रहा है, जिस कारण सड़कों पर लंबा जाम लगा है। जौनपुर के सिकरारा में पुलिस की एक बाइक को आग के हवाले कर दिया गया।
यूपी में उपद्रव करने वाले 260 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। चंदौली के कुछमन में पत्थरबाजी में एक पुलिसकर्मी घायल हुआ है। वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन और कैंट रोडवेज पर जीआरपी, आरपीएफ, पुलिस और आरएएफ के जवान मौजूद हैं। आगरा में शनिवार सुबह सेना भर्ती के लिए प्रशिक्षित करने वाले ट्रेनिंग और कोचिंग सेंटर को अनिश्चितकाल के लिए बंद करा दिया गया है। एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि 7 ऐसे सेंटर हैं, जिन्हें अगले आदेश तक बंद कराया गया है। इसके साथ ही रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। आगरा रेल मंडल के हर छोटे-बडे़ स्टेशन पर फोर्स तैनात है।
शनिवार को लखनऊ से बिहार जा रही गोमतीनगर-छपरा एक्सप्रेस को कुशीनगर में रोक दिया गया है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि बिहार में बवाल को देखते हुए ट्रेन को पडरौना रेलवे स्टेशन से आगे नहीं भेजा जाएगा। अग्निपथ को लेकर यूपी में पहले दिन यानी गुरुवार को 10 से ज्यादा शहरों में युवा सड़क पर उतर आए।
आपको बता दें कि ज्यादातर शहरों में प्रदर्शन का ट्रेंड एक जैसा रहा है। अलग-अलग प्रदर्शनकारियों के समूह एकाएक सड़क पर आए और उपद्रव शुरू कर दिया। क्योंकि, इस प्रदर्शन का कोई अगुवा चेहरा नहीं था। वाराणसी में सिगरा थाने की पुलिस कैंट रेलवे स्टेशन, कैंट रोडवेज और सिगरा क्षेत्र के गेस्ट हाउस और होटल में चेकिंग कर रही है। सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। साथ ही, 16 और 17 जून को होटल, गेस्ट हाउस और लॉज में रुके हुए लोगों की डिटेल ली जा रही है। इनमें से 25 साल तक की उम्र के लोगों से संपर्क कर पुलिस उनके वाराणसी आने का कारण पूछेगी।
Agnipath Yojana- सुप्रीम कोर्ट में दायर हुई देश भर में हो रहे हिंसा के जांच के लिए SIT गठन की याचिका