August Vrat Tyohar List 2026: अगर आप भी पहले से अपनी पूजा, व्रत या पारिवारिक तैयारियों की योजना बनाना चाहते हैं तो अगस्त के प्रमुख व्रत और त्योहारों की तारीखें जानना आपके लिए जरूरी है। आइए जानते हैं इस महीने कौन-सा पर्व किस दिन मनाया जाएगा और उसका धार्मिक महत्व क्या है।

August Vrat Tyohar List : अगस्त का महीना धार्मिक आस्था रखने वाले लोगों के लिए बेहद खास रहने वाला है। इस पूरे महीने में एक के बाद एक कई बड़े व्रत और त्योहार पड़ रहे हैं जिनका इंतजार हर साल श्रद्धालु बेसब्री से करते हैं। सावन का पवित्र माहौल, भगवान शिव की आराधना, बहनों का रक्षाबंधन, हरियाली तीज का उल्लास और नाग पंचमी की पूजा इन सभी पर्वों की रौनक अगस्त को खास बना देती है। अगर आप भी पहले से अपनी पूजा, व्रत या पारिवारिक तैयारियों की योजना बनाना चाहते हैं तो अगस्त के प्रमुख व्रत और त्योहारों की तारीखें जानना आपके लिए जरूरी है। आइए जानते हैं इस महीने कौन-सा पर्व किस दिन मनाया जाएगा और उसका धार्मिक महत्व क्या है।
अगस्त महीने की शुरुआत भगवान शिव की भक्ति के साथ होगी। 3 अगस्त से सावन सोमवार व्रत की शुरुआत मानी जाएगी। सावन का महीना शिव भक्तों के लिए सबसे पवित्र माना जाता है। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु व्रत रखते हैं, शिवलिंग पर जलाभिषेक करते हैं और सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। इसके बाद 9 अगस्त को कामिका एकादशी का व्रत रखा जाएगा। मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु की पूजा करने और व्रत रखने से जीवन के कई कष्ट दूर होते हैं और शुभ फल की प्राप्ति होती है।
11 अगस्त को मासिक शिवरात्रि का व्रत रखा जाएगा। इस दिन भगवान शिव की विशेष पूजा का विधान है। इसके अगले दिन यानी 12 अगस्त को हरियाली अमावस्या मनाई जाएगी। इस तिथि का संबंध प्रकृति, दान-पुण्य और पितरों के स्मरण से भी जोड़ा जाता है। 15 अगस्त को हरियाली तीज का पर्व मनाया जाएगा। यह त्योहार खास तौर पर महिलाओं के लिए बहुत महत्वपूर्ण माना जाता है। सुहागिन महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र और सुखी वैवाहिक जीवन के लिए व्रत रखती हैं जबकि अविवाहित लड़कियां अच्छे जीवनसाथी की कामना करती हैं।
17 अगस्त का दिन धार्मिक दृष्टि से काफी खास रहेगा। इस दिन नाग पंचमी और श्रीकल्कि जयंती दोनों मनाई जाएंगी। नाग पंचमी पर नाग देवता की पूजा की जाती है और भगवान शिव की कृपा प्राप्त करने की कामना की जाती है। इसी दिन भगवान विष्णु के दसवें अवतार माने जाने वाले श्रीकल्कि की जयंती भी मनाई जाएगी। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भविष्य में भगवान कल्कि अधर्म का अंत करने के लिए अवतार लेंगे।
अगस्त के अंतिम सप्ताह में सबसे बड़ा त्योहार रक्षाबंधन आएगा। 28 अगस्त को श्रावण पूर्णिमा और रक्षाबंधन दोनों एक ही दिन मनाए जाएंगे। इस दिन बहनें अपने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना करेंगी जबकि भाई जीवनभर उनकी रक्षा का वचन देंगे। श्रावण पूर्णिमा का दिन धार्मिक रूप से भी बहुत शुभ माना जाता है। इस अवसर पर स्नान, दान और पूजा का विशेष महत्व बताया गया है।
अगस्त 2026 का आखिरी दिन भी धार्मिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण रहेगा। 31 अगस्त को कजरी तीज और श्रीगणेश (बहुला) चतुर्थी मनाई जाएगी। कजरी तीज का व्रत विशेष रूप से उत्तर भारत में महिलाओं के बीच लोकप्रिय है। वहीं श्रीगणेश चतुर्थी पर भगवान गणेश की पूजा कर सुख, समृद्धि और बुद्धि की कामना की जाती है।
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है। चेतना मंच इसकी पुष्टि नहीं करता है।)
विज्ञापन