Bollywood News: अनुपम खेर ने अपनी 520वीं फिल्म की शूटिंग शुरू की
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 01:16 AM
अपनी शानदार अदाकारी के लिए बॉलीवुड में एक अलग मुकाम हासिल कर चुके दिग्गज फिल्म अभिनेता अनुपम खेर ने अपनी 520 वीं फिल्म 'ऊंचाई' की शूटिंग शुरू कर दी है। अनुपम खेर का नाम सामने आते ही एक खलनायक की छवि हमारे मन-मस्तिष्क में घूमने लगती है लेकिन व्यक्तिगत जीवन में वे उतने ही सरल,शांत और मृदुभाषी हैं। ऐसा नहीं कि खलनायक की भूमिका में ही अनुपम खेर ने अपनी पहचान बनाई हो चाहे कॉमेडी हो या सीधे-साधे व्यक्ति का किरदार अनुपम को जो भी भूमिका मिली उन्होंने उसे पूरी ईमानदारी और शिद्दत से निभाया है। अपनी नई फिल्म की शूटिंग के बारे में अनुपम खेर में स्वयं सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी दी है। अनुपम खेर सोशल मीडिया में खासे एक्टिव रहते हैं अपनी आगामी फिल्म की जानकारी अपने फैंस को अनुपम खेर ने सोशल मीडिया के माध्यम से ही साझा की है। उन्होंने फैंस को बताया कि वही अपनी 520वीं फिल्म की शूटिंग शुरू कर चुके हैं। ये फिल्म राजश्री फिल्म प्रोडक्शंस के बैनर तले बन रही है। जिनके साथ अनुपम खेर सातवीं बार हाथ मिला रहे हैं।
इस फिल्म का टाइटल होगा 'ऊंचाई'। इसके साथ ही अनुपम खेर ने इस पोस्ट में फिल्म के साथी कलाकारों के नाम का खुलासा भी किया है। अनुपम खेर ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट के जरिए सूरज बड़जात्या की एक तस्वीर शेयर की है। इस तस्वीर में सूरज बड़जात्या शॉट का क्लैप लेकर खड़े हैं। इसके साथ कैप्शन में अनुपम खेर ने लिखा, 'दोस्तों,मेरी 520वीं फिल्म 'ऊंचाई' का सफर शुरू हो गया है। सिनेमा के जीनियस सूरज बड़जात्या के साथ काम कर रहा हूं और राजश्री फिल्म्स मेरे लिए एक आशीर्वाद है। मुझे वाकई में सूरज से इस फोटो के लिए मिन्नतें करना पड़ा क्योंकि वो कैमरे के सामने शरमाते हैं। हमारे लिए और 'ऊंचाई' के लिए दुआ करिएगा।'
अनुपम खेर ने अपनी पोस्ट के माध्यम से ही फिल्म की बाकी की स्टारकास्ट का भी खुलासा किया है। अनुपम खेर ने अपनी इस पोस्ट में परिणीति चोपड़ा, बोमन ईरानी, अमिताभ बच्चन, नीना गुप्ता और सारिका को टैग किया है। फिल्म की स्टारकास्ट को देखकर सहज ही इस बात का अंदाजा लगाया जा सकता है कि ये फिल्म बेहतरीन होने वाली है। बता दें कि इससे पहले भी अनुपम खेर राजश्री फिल्म्स के साथ कई फिल्मों में काम कर चुके हैं। जिनमें 'हम आपके हैं कौन', 'प्रेम रतन धन पायो' सहित अनेक सुपर-डुपर हिट फिल्में शामिल हैं।