Breaking News : श्रीकांत त्यागी प्रकरण में हंगामेबाज युवकों को अदालत ने दी जमानत
भारत
RP Raghuvanshi
02 Dec 2025 03:02 AM
Greater Noida : ग्रेटर नोएडा। श्रीकांत त्यागी प्रकरण(Srikant Tyagi case) में ग्रैंड ओमेक्स सोसायटी में हंगामा करने वाले युवकों को कोर्ट ने जमानत दे दी है। कोर्ट के इस फैसले के बाद 21 अगस्त को प्रस्तावित त्यागी समाज के आंदोलन के स्थगित होने की संभावना जताई जा रही है।
सेक्टर-93बी स्थित ग्रैंड ओमेक्स सोसायटी में एक महिला के साथ बदसूलकी के आरोप में श्रीकांत त्यागी को पुलिस ने जेल भेज दिया था। उसके बाद श्रीकांत के समर्थक कुछ युवकों ने सोसायटी में घुसकर जमकर उत्पात मचाया था। उसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की मदद से हंगामेबाज युवकों की पहचान कर जेल भेज दिया था। इस पूरे मामले में त्यागी समाज के लोग सभी की जल्द रिहाई की मांग कर रहे थे।
इस मामले में बीते दिनों मेरठ में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 15 जिलों के त्यागी समाज के लोगों ने बैठक कर ऐलान किया था कि वे 21 अगस्त को गौतमबुद्ध नगर के पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह के दफ्तर का घेराव करेंगे। लेकिन, मंगलवार को सूरजपुर स्थित जिला अदालत में हुई सुनवाई के बाद अदालत ने इस मामले में जेल में बंद सभी आरोपियों की जमानत अर्जी स्वीकार कर ली। जिन युवकों को कोर्ट ने जमानत दी है, उनमें प्रिंस त्यागी, नितिन त्यागी, लोकेंद्र त्यागी, राहुल त्यागी, रवि पंडित और चर्चिल राणा शामिल हैं।
उम्मीद जताई जा रही है कि शाम तक इनकी जेल से रिहाई हो जाएगी। अब संभावना जताई जा रही है कि आरोपियों को जमानत मिलने के बाद त्यागी समाज की 21 अगस्त को प्रस्तावित आंदोलन स्थगित हो जाए।
हंगामा करने के आरोपी युवकों के वकील ने बताया कि उनकी जमानत के लिए पहले मजिस्ट्रेट की अदालत में जमानत की अर्जी लगाई गई थी, जिसे खारिज कर दिया गया था। उसके बाद जिला जज अवनीश सक्सेना की अदालत में बेल की अर्जी लगाई गई, जिस पर आज सुनवाई के बाद अदालत ने सभी छह आरोपियों को जमानत दे दी। वकील का कहना है कि उनके मुवक्किल को जबरदस्ती फंसा दिया गया था। उनका इस पूरे मामले से कुछ भी लेनादेना नहीं था। उन्हें सोसायटी में किसी ने खाने पर बुलाया था। वे गए, लेकिन सोसायटी के गार्ड ने उन्हें भीतर जाने ही नहीं दिया।