Budget 2022: क्या इस बार भी पेपरलेस होगा बजट, कितने बजे होगा पेश? जानिये सबकुछ
budget 2022 finance minister nirmala sitharaman
भारत
चेतना मंच
01 Feb 2022 02:26 AM
Budget 2022: नई दिल्ली। देश का वित्त वर्ष 2022-23 का बजट (Union Budget 2022) मंगलवार यानी 1 फरवरी को संसद में पेश किया जाएगा। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharaman) यह बजट पेश करेंगी। इससे पहले 31 जनवरी को संसद के बजट सत्र (Budget Session 2022) की शुरुआत हुई है। इस सत्र की शुरुआत राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद (Ramnath Kovind) के अभिभाषण के साथ हुई। इसमें राष्ट्रपति ने केंद्र सरकार के एक साल के कामकाज का पूरा ब्योरा संसद में पेश किया। कोरोना महामारी (Coronavirus) की तीसरी लहर को देखते हुए बजट सत्र (Budget Session) के पहले चरण के दौरान लोकसभा और राज्यसभा की बैठकें दिन में अलग-अलग समय पर आयोजित होंगी, ताकि कोविड से संबंधित सामाजिक दूरी के नियमों का पालन हो सके। बजट सत्र के पहले दो दिन शून्यकाल और प्रश्नकाल नहीं होंगे।
एक फरवरी को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Finance Minister Nirmala Sitharaman) सुबह 11 बजे संसद में बजट (Budget 2022) पेश करेंगी। उनका बजट भाषण (Budget Speech) 11 बजे शुरू हो जाएगा। निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharaman) को लंबा बजट भाषण देने के लिए जाना जाता है। 2019 में उन्होंने बजट भाषण 2 घंटे 15 मिनट का किया था। 2020 में उनका यह भाषण 162 मिनट का था। इस साल भी माना जा रहा है कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का भाषण और अधिक लंबा हो सकता है। वहीं पिछले साल की तरह इस साल भी बजट पेपरलेस (Budget 2022) होगा। यानी इसे डिजिटली अपलोड किया जाएगा।
वहीं भारतीय अर्थव्यवस्था अगले वित्त वर्ष (2022-23) में 8-8.5 प्रतिशत की दर से बढ़ेगी। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा सोमवार को संसद में पेश 2021-22 की आर्थिक समीक्षा में यह अनुमान लगाया गया है। लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा बुधवार यानी 2 फरवरी से शुरू होगी. ऐसी संभावना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7 फरवरी को चर्चा का जवाब देंगे. राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के लिए चार दिन रखे गए हैं. यह दो फरवरी से शुरू होगी.
Budget News: विकास के नए अध्याय लिखे जा रहे हैं: राष्ट्रपति
संसद के बजट सत्र का पहला चरण 31 जनवरी से 11 फरवरी तक चलेगा। इसके बाद विभिन्न विभागों के बजटीय आवंटन पर विचार के लिये अवकाश रहेगा। बजट सत्र का दूसरा चरण 14 मार्च से आरंभ होगा, जो आठ अप्रैल तक चलेगा।
राष्ट्रपति का अभिभाषण 31 जनवरी को पूर्वाह्न 11 बजे होगा। लोकसभा की बैठक एक फरवरी को सुबह 11 बजे से होगी और उस दिन आम बजट पेश किया जाएगा। दो फरवरी से लोकसभा की कार्यवाही शाम चार बजे से रात नौ बजे तक चलेगी। कोरोना वायरस महामारी के मद्देनजर निचले सदन की बैठक के दौरान दोनों सदनों के कक्षों और दीर्घाओं का इस्तेमाल सदस्यों के बैठने के लिए किया जाएगा. बजट सत्र के दौरान कुल 29 बैठकें होंगी, जिसमें पहले चरण में 10 बैठक और दूसरे चरण में 19 बैठकें होंगी.