Budget News: विकास के नए अध्याय लिखे जा रहे हैं: राष्ट्रपति
भारत
चेतना मंच
31 Jan 2022 07:05 PM
New Delhi: नई दिल्ली (एजेंसी)। संसद का बजट सत्र आज राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद (President Ram Nath Kovind) के अभिभाषण के साथ शुरू हो गया। राष्ट्रपति ने दोनों सदनों के सांसदों को संबोधित करते हुए कहा कि मेरी सरकार में विकास के नए अध्याय लिखे जा रहे हैं। भारतीय वैक्सीन का डंका पूरी दुनिया में बज रहा है। सरकार ने कई परियोजनाओं को मंजूरी देकर देश के विकास को गति दी है। सरकार के प्रयासों से आज देश की अर्थव्यवस्था बेहतर स्थिति में है। जीएसटी का कलैक्शन 1 लाख करोड़ से ऊपर पहुंच गया है।राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने दोनों सत्रों को संबोधित करते हुए कहा कि मैं देश के उन लाखों स्वाधीनता सेनानियों को नमन करता हूं, जिन्होंने अपने कर्तव्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी और भारत को उसके अधिकार दिलाए। आजादी के इन 75 वर्षों में देश की विकास यात्रा में अपना योगदान देने वाले सभी महानुभावों का भी मैं श्रद्धा-पूर्वक स्मरण करता हूं।
संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि कोरोना वायरस से उत्पन्न वैश्विक महामारी का ये तीसरा वर्ष है, इस दौरान हमने भारत के लोगों की लोकतांत्रिक मूल्यों में आस्था, अनुशासन और कर्तव्यपरायणता को और मजबूत होते देखा है। देश में एक ही साल में 150 करोड़ से भी ज्यादा वैक्सीन लग गई राष्ट्रपति कोविंद ने कहा कि कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में भारत के सामर्थ्य का प्रमाण वैक्सीनेशन प्रोग्राम में नजर आया है। हमने एक साल से भी कम समय में 150 करोड़ से भी ज्यादा वैक्सीन डोज़ लगाने का रिकॉर्ड पार किया। आज हम पूरी दुनिया में सबसे ज़्यादा वैक्सीन डोज़ देने वाले अग्रणी देशों में से एक हैं। राष्ट्रपति कोविंद ने कहा कि हमारी सरकार द्वारा 64 हज़ार करोड़ रुपए की लागत से शुरू किया गया प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इनफ्रास्ट्रक्चर मिशन एक सराहनीय उदाहरण है। इससे न केवल वर्तमान की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी, बल्कि आने वाले संकटों के लिए भी देश को तैयार किया जा सकेगा। राष्ट्रपति ने कहा कि मेरी सरकार की संवेदनशील नीतियों के कारण देश में अब स्वास्थ्य सेवाएँ जन साधारण तक आसानी से पहुंच रही हैं। 80 हजार से अधिक हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर्स और करोड़ों की संख्या में जारी आयुष्मान भारत कार्ड से गरीबों को इलाज में बहुत मदद मिली है। राष्ट्रपति कोविंद ने कहा कि देश में 80 फीसदी किसान छोटे किसान ही हैं जिनका देश के विकास में अहम योगदान है। राष्ट्रपति कोविंद ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से 11 करोड़ से अधिक किसान परिवारों को एक लाख अस्सी हजार करोड़ रुपए दिए गए हैं। इस निवेश से कृषि क्षेत्र में आज बड़े बदलाव दिखाई दे रहे हैं।
राष्ट्रपति ने कहा कि पुराने संसाधन से भी नए रास्ते निकाले जा सकते हैं। इसके लिए हमारे अंदर इच्छाशक्ति होनी चाहिए।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि कोरोना के इस महासंकट में हमने बड़े-बड़े देशों में खाद्यान्न की कमी और भूख की परेशानी देखी है लेकिन मेरी संवेदनशील सरकार ने इस बात का पूरा प्रयास किया कि 100 साल के इस सबसे बड़े संकट में कोई गरीब भूखा न रहे। राष्ट्रपति कोविंद ने कहा कि डिजिटल इंडिया और डिजिटल इकॉनमी के बढ़ते प्रसार के संदर्भ में देश के पी-1 प्लेटफॉर्म की सफलता के लिए मैं सरकार के विजन की प्रशंसा करूंगा। दिसबंर 2021 में देश में 8 लाख करोड़ रुपए से ज़्यादा का लेन-देन पी-1 के माध्यम से हुआ है। राष्ट्रपति कोविंद ने कहा कि हमारी सरकार ने 8000 से अधिक जन-औषधि केंद्रों के माध्यम से कम कीमत पर दवाइयां उपलब्ध कराकर, इलाज पर होने वाले खर्च को कम किया है। राष्ट्रपति कोविंद ने कहा कि सरकार द्वारा किए गए प्रयासों के परिणामस्वरूप योग, आयुर्वेद एवं पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। साल 2014 में आयुष उत्पादों का निर्यात 6600 करोड़ रुपये का था जो कि अब बढ़कर 11 हजार करोड़ रुपये हो गया। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि मेरी सरकार के नीतिगत निर्णय और प्रोत्साहन से विभिन्न पुलिस बलों में महिला पुलिस-कर्मियों की संख्या में, 2014 के मुकाबले दोगुनी से ज्यादा की बढ़ोतरी हो चुकी है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि मेरी सरकार की आस्था, अंत्योदय के मूल मंत्र में है, जिसमें सामाजिक न्याय भी हो, समानता भी हो, सम्मान भी हो और समान अवसर भी हों।
सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
- 90 प्रतिशत लोगों ने वैक्सीन की दोनों डोज लगवाईं
- 180 देशों तक पहुंची भारतीय वैक्सीन
- 80 करोड लोगों को मुफ्त राशन
- कोरोना काल में कोई भूख नहीं सोया
- किसानों को फसल का उचित दाम दिया
- 11 करोड़ किसानों को दिया 1 लाख, 80 हजार करोड़ रूपये
- स्कूलों में बेटियों की संख्या बढ़ी
- राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू करेंगे
- एक देश एक ग्रिड पर काम
- लड़कियों की शादी की उम्र 21 वर्ष की
- तीन तलाक को हटाया
- 2 लाख करोड़ से अधिक का निर्यात
- खेलों इंडिया से खिलाडिय़ों को लाभ
- सेना का आधुनिकीकरण जारी
- 2070 तक जीरो कार्बन उत्सर्जन
- दो गुरूग्रंथ व मां अन्नपूर्णा की मूर्ति वापस लाए