महिलाओं की शादी की उम्र 18 से बढ़कर होगी 21 साल, कैबिनेट ने दी मंजूरी
कैबिनेट में प्रस्ताव हुआ पास. (pc- twitter)
भारत
RP Raghuvanshi
02 Dec 2025 02:06 AM
नई दिल्ली. महिलाओं के विवाह (Women Marriage Age) को लेकर केंद्र सरकार की ओर से बड़ा फैसला लिया जा रहा है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार देश में महिलाओं की शादी की न्यूनतम उम्र को अब 18 से बढ़ाकर 21 साल करने का प्रस्ताव पेश किया गया है. इस प्रस्ताव को कैबिनेट (Modi Cabinet) की ओर से मंजूरी भी दे दी गई है. सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है कि बुधवार को हुई कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव पर मुहर लगी है. अब सरकार इस मौजूदा कानूनों में इसके लिए संशोधन लाएगी.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त, 2020 को लाल किले से अपने संबोधन में इस बात (Women Marriage Age) का उल्लेख किया था. उन्होंने यह भी कहा था कि बेटियों को कुपोषण से बचाने के लिए यह जरूरी है कि उनकी शादी उचित समय पर की जाए. अभी
अगर मौजूदा कानून की बात करें तो देश में पुरुषों के लिए न्यूनतम वैवाहिक उम्र 21 साल है. जबकि महिलाओं की यह उम्र 18 साल है. नीति आयोग में जया जेटली की अध्यक्षता में बनी टास्क फोर्स ने महिलाओं की न्यूनतम वैवाहिक उम्र बढ़ाने संबंधी सिफारिश की थी.
कैबिनेट से प्रस्ताव पास हो जाने के बाद अब केंद्र सरकार इस कानून को मूर्त रूप देगी. इसके लिए वो बाल विवाह निषेध कानून, स्पेशल मैरिज एक्ट और हिंदू मैरिज एक्ट में संशोधन करेगी.
जिस टास्क फोर्स ने इसकी सिफारिश की थी, उसमें वीके पॉल भी शामिल थे. वह इस समय कोविड टास्क फोर्स में भी हैं. माना जा रहा है कि महिलाओं की न्यूनतम वैवाहिक उम्र बढ़ने से उनको स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से निदान मिलेगा.