Corona Update: बढ़ रहे हैं कोरोना के केस, 24 घंटे में मिले 21,411 नए मामले, 67 की मौत
Corona Cases Update in India
भारत
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 05:31 PM
New Delhi: नई दिल्ली। कोरोना को काबू में करने की सरकार और स्वास्थ्य विभाग की तमाम कोशिशें कामयाब होते नहीं दिख रही हैं। हालांकि मामले बहुत तेजी से नहीं बढ़ रहे हैं। बीते 24 घंटे में देश में कोरोना के 21,411 नए मामले मिले हैं। शनिवार को संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 4,38,68,476 हो गई है। जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 1,50,100 हो गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के सुबह आठ बजे तक के आंकड़ों के अनुसार संक्रमण से 67 और मरीजों जान चली गई। इसके साथ ही महामारी से मरने वालों की संख्या 5,25,997 हो गई है। उपचाराधीन मरीजों की संख्या संक्रमण के कुल मामलों का 0.34 प्रतिशत है। कोविड-19 से स्वस्थ होने वाले लोगों की राष्ट्रीय दर 98.46 प्रतिशत दर्ज की गई है।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटों में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 618 की वृद्धि हुई है। वहीं, संक्रमण की दैनिक और साप्ताहिक दर 4.46 प्रतिशत दर्ज की गई है। देश में कोरोना वायरस संक्रमण से उबरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 4,31,92,379 हो गई है, जबकि मृत्यु दर 1.20 प्रतिशत दर्ज की गई है। वहीं, देशव्यापी कोविड-19 रोधी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक 201.68 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं। गौरतलब है कि देश में सात अगस्त 2020 को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी।
संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर 2020 को 90 लाख के पार चले गए थे। देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ से अधिक हो गए थे। पिछले साल चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी। इस साल 25 जनवरी को मामले चार करोड़ के पार हो गए थे।