Dadri Chithera Land Scam:चिटहेरा कांड की जांच एक कदम और आगे बढ़ी, हुआ एसआईटी का गठन
Greater noida Land Scam
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 12:51 PM
Ddari Noida : दादरी/नोएडा। उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े भूमि घोटाले (चिटेहरा भूमि घोटाले) (Chithera Land Scam) में गौतमबुद्धनगर के पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह ने जांच के लिए एसआईटी (SIt) का गठन कर दिया है। चिटहेरा गांव में हुए प्रदेश के सबसे बड़े भूमि घोटाले की गंूज उत्तर प्रदेश से लेकर उत्तराखंड तक गूंजी है।
अफसरों- भूमाफियाओं और राजनेताओं के गठजोड़ से हुए इस भूमि घोटाले ने बड़ी हलचल मचा रखी है। अब इस भूमि घोटाले की जांच के लिए गौतमबुद्धनगर के पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी भारती सिंह के नेतृत्व में एसआईटी का गठन कर दिया है। इस एसआईटी में डीसीपी (क्राईम) अभिषेक को भी शामिल किया गया है। वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी भारती सिंह ने एसआईटी के गठन किए जाने की पुष्टि करते हुए चेतना मंच को बताया कि इस घोटाले की परतें काफी गहरी हैं और पूरी गंभीरता व पारदर्शिता के साथ इसकी जांच की जाएगी।
इस एसआईटी के गठन से उम्मीद जागी है कि पुलिस इस मामले में ठोस कदमों के साथ आगे बढ़ रही है। उधर शासन स्तर पर भी इस मामले में मंथन चल रहा है। अपर जिलाधिकारी वंदिता श्रीवास्तव की सिफारिश पर शासन स्तर पर भी एक एसआईटी के गठन की प्रकिया चल रही बताई जाती है।
सब जानते हैं कि चिटहेरा गांव में उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा भूमि घोटाला हुआ है। इस गांव में स्थित 700 बीघे से अधिक सरकारी जमीन की खुली लूट हुई है। वर्ष-1976 से चल रही इस लूट में 300 करोड़ रूपए से अधिक का मुआवजा भी हड़प लिया गया है। इस प्रकरण को धरातल पर अंजाम देने वाला कुख्यात भू-माफिया यशपाल तोमर उत्तराखंड की जेल में है।
इस पूरे प्रकरण में दादरी तहसील के छोटे अधिकारियों से लेकर जिले के अपर जिलाधिकारी तथा मंडल के कमिश्नर तक दोषी हैं। इन 7-8 अधिकारियों के साथ ही अनेक सफेद पोश भी इस अवैध धंधे में शामिल रहे हैं। इन सफेदपोशों में गांव के पूर्व प्रधानों, पूर्व ब्लॉक प्रमुखों से लेकर सत्तारूढ दल भाजपा के बड़े नेता तक शामिल हैं।