Elon Musk- टि्वटर के मालिक बनते ही एलन मस्क ने सीईओ पराग अग्रवाल को दिखाया बाहर का रास्ता
भारत
चेतना मंच
28 Oct 2022 03:56 PM
Elon Musk- दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलन मस्क (Elon Musk) अब सोशल मीडिया के बादशाह ट्विटर के मालिक बन गए हैं। इन्होंने ट्विटर को खरीदने की डील पूरी कर ली है, और मालिक का ओहदा संभालते ही ये एक्शन मोड में आ गए हैं।
ट्विटर के मालिक बनते ही एलन मस्क ने कंपनी के सीईओ पराग अग्रवाल (Twitter CEO Parag Agarwal) समेत दो अन्य टॉप अधिकारियों को बाहर निकाल दिया। इनमें कंपनी की पॉलिसी हेड विजया गाड्डे (Twitter Policy Head Vijaya Gadde) और चीफ फाइनेंशियल ऑफीसर नेड सेगल ( Twitter Chief Financial Officer Ned Segal) का नाम शामिल है।
खत्म हुआ ट्विटर और एलन मस्क के बीच का विवाद -
गौरतलब है ट्विटर और एलन मस्क के बीच एक विवाद चल रहा था जो अब खत्म हो गया है। दरअसल मस्क ने ट्विटर को खरीदने के लिए 44 अरब डॉलर का ऑफर दिया था, परंतु बाद में किसी कारणवश वो इससे मुकर गए थे, जिसके बाद ट्विटर ने एलन मस्क को कोर्ट में घसीट लिया। शुक्रवार को इस मामले पर सुनवाई शुरू होने वाली थी, लेकिन कोर्ट की डेट लाइन से पहले ही एलन मस्क (Elon Musk) ने माइक्रो ब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म ट्विटर का अधिग्रहण कर लिया।
मालिक बनते ही मचाई उथल पुथल -
ट्विटर का अधिग्रहण करते ही एलन ने उथल पुथल मचा दी है। मालिक का ओहदा संभालते ही 3 बड़े अधिकारियों के बाहर निकाले जाने पर ट्विटर के कर्मचारियों में खलबली मची हुई है। एलन ने अधिकारियों के निकाले जाने के संबंध में अभी तक कोई टिप्पणी नहीं की है। इसके साथ ही उन्होंने कर्मचारियों को यह भी कहा है कि 75% कर्मचारियों की छंटनी नहीं की जाएगी। दरअसल पहले यह खबर सामने आई थी कि एलन मस्क ट्विटर के 75% कर्मचारियों को बाहर निकाल देंगे, अब मस्क ने इस खबर का खंडन किया है, और कर्मचारियों को ढांढस बंधाया है कि वो इतने अधिक कर्मचारियों को बाहर नहीं करेंगे।