Farmers Protest : एमएसपी पर गठित कमेटी में सरकार के पक्षधर: श्योराज सिंह
भारत
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 05:21 PM
Farmers Protest: तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसान एक बार फिर लामबंद होने लगे हैं। केंद्र सरकार ने एमएसपी पर जो कमेटी गठित की है, अब उसका विरोध होने लगा है। किसानों को कमेटी की निष्पक्षता पर यकीन नहीं हो रहा है। भारतीय किसान यूनियन लोक शक्ति के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्योराज सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार के जिस भरोसे के बाद आंदोलन खत्म किया गया था, वह अब तक पूरा नहीं हुआ।
भारतीय किसान यूनियन लोक शक्ति के राष्ट्रीय अध्यक्ष मास्टर श्योराज सिंह ने शुक्रवार को मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि एमएसपी पर गठित की गई टीम में जो लोग शामिल हैं, वे सभी शुरू से ही सरकार की वकालत करते चले आ रहे हैं। ऐसे लोगों पर किसानों का कोई विश्वास नहीं है। उन्होंने कहा कि टीवी चैनलों में बैठकर सरकार की वकालत करने वालों को ही कमेटी में शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि कमेटी के लोग सरकार के पक्ष की ही बात करेंगे। उन्होंने कहा कि इस कमेटी को हम किसी कीमत पर मानने को तैयार नहीं हैं। श्योराज सिंह ने कहा कि सरकार को चाहिए कि जो किसान हितेषी हैं, उन लोगों को इस कमेटी में शामिल किया जाए।
किसान नेता ने कहा कि तीन कृषि कानूनों के खिलाफ देशभर के किसानों ने 375 दिनों तक आंदोलन किया। इस दौरान 700 से अधिक किसानों की जान चली गई। किसानों पर दिल्ली समेत कई राज्यों मंे मुकदमे दर्ज किए गए। उत्तर प्रदेश समेत पांच राज्यों के चुनाव के मद्देनजर सरकार ने लिखित आश्वासन देकर तीनों कानूनों को वापस लिया था। सरकार ने भरोसा दिया था कि एमएसपी पर कमेटी का गठन किया जाएगा। इसके अलावा किसानों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने, जब्त किए गए ट्रैक्टर छोड़ने और शहीद किसानों को मुआवजा देने का भी आश्वासन दिया था। लेकिन, केंद्र की सरकार ने अब तक अपने किसी भी वादे को पूरा नहीं किया। किसान नेता ने कहा कि आंदोलन के दौरान भी कृषि कानूनों के बाबत एक कमेटी बनाई गई थी। उसमें भी उन्हीं लोगों को शामिल किया गया था, जो टीवी चैनलों पर सरकार की तरफदारी कर रहे थे।