Ghaziabad Crime News : मोदीनगर में अगवा बच्ची की लाश मिलने से भारी तनाव, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 05:23 AM
Ghaziabad : गाजियाबाद। राजधानी दिल्ली से सटे यूपी के गाजियाबाद जिले के मोदीनगर इलाके से घर के बाहर खेल रहीं दो बच्चियों का अपहरण कर लिया। आरोपी ने उनमें से एक 09 साल की बच्ची की गला दबाकर हत्या कर दी। उसका शव शुक्रवार की सुबह पांच बजे खेत से बरामद हुआ। कपड़े अस्त-व्यस्त थे और शरीर पर चोटों के निशान हैं। आशंका है कि रेप के बाद बच्ची की हत्या की गई है। इससे पहले गुरुवार की रात दूसरी बच्ची गन्ने के खेत में जिंदा मिली थी। पुलिस ने कपिल कश्यप नाम के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद तनाव को देखते हुए पुलिस और पीएसी की तैनाती कर दी गई है। दोनों बच्चियां पड़ोसी हैं।
दिल को दहला देने वाली वारदात मोदीनगर थाना क्षेत्र की है। 5 और 9 साल की दो बच्चियां घर के बाहर गुरुवार शाम 6 बजे खेल रही थीं। दोनों बच्चियों के घर एक-दूसरे से कुछ ही दूरी पर हैं। उसी दौरान रोरी गांव का कपिल कश्यप वहां साइकिल से आया और दोनों को आइसक्रीम खिलाने के बहाने जंगल ले गया। रात 8 बजे तक जब दोनों बच्चियां घर नहीं लौटीं तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की।
गाजियाबाद के एसएसपी मुनीराज और एसपी देहात ईरज राजा चार थानों की फोर्स लेकर रोरी गांव में पहुंच गए और डॉग स्क्वायड के साथ सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। करीब तीन घंटे के बाद रात करीब 11 बजे गांव से बाहर खेत में 5 साल की बच्ची गन्ने के खेत में बदहवास हालत में मिली। इसके बाद पुलिस और परिजनों की धड़कनें बढ़ गईं। देर रात एक बजे पुलिस ने आरोपी कपिल को गिरफ्तार कर लिया। शुरुआती पूछताछ में उसने गला दबाकर हत्या करने की बात स्वीकार की, लेकिन यह नहीं बताया कि लाश कहां पर फेंकी है। वह बार-बार कहता रहा कि इस बारे में उसे कुछ याद नहीं है। शुक्रवार सुबह 5 बजे 9 साल की बच्ची का शव एक खेत में पड़ा मिला। पुलिस ने उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। बच्ची के कपड़े अस्त-व्यस्त मिले हैं। कुछ खून के भी निशान हैं। रेप के बाद गला दबाकर हत्या करने की आशंका है। पुलिस ने बताया कि दूसरी बच्ची एकदम ठीक है, लेकिन फिर भी उसका मेडिकल कराया गया है।
आरोपी कपिल की दादी पुष्पा ने बताया, कल कपिल ने दिन में ही शराब पी थी। वो घर में तोड़फोड़ कर रहा था। मैंने रोका तो मुझे भी धक्का दे दिया। पत्नी कल ही छोटे बच्चे को लेकर मायके चली गई। कपिल कोई काम नहीं करता था। वो घर में शराब पीकर लड़ाई करता रहता था। एक पड़ोसी ने बताया कि दोनों मासूम बच्चियां घर के बाहर खेल रही थीं। तभी कपिल साइकिल लेकर वहां आया। उसने पहले 9 साल की बच्ची को आइसक्रीम खिलाने और बाद में छोटी वाली बच्ची को लेकर जाने के लिए कहा। छोटी बच्ची ने ज्यादा जिद की तो कपिल उसको भी साथ ले गया। दोनों बच्चियां पहले से कपिल को जानती थीं, इसलिए उसके साथ साइकिल पर बैठकर चली गईं। रात 8 बजे तक भी जब वे घर नहीं आईं तो खोजबीन शुरू की।