Greater Noida Crime News : सावधान! सपनों का आशियाना बना रहे हैं तो सीमेंट की गुणवत्ता परख लें
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 03:06 AM
Greater Noida : ग्रेटर नोएडा। सावधान! अगर आप अपने सपनों का घर बना रहे हैं तो उसमें इस्तेमाल होने वाले सीमेंट की गुणवत्ता को जरूर जांच लें। नोएडा ग्रेटर नोएडा में बड़े पैमाने पर हो रहे निर्माण (Construction) के कारण नक्काल सक्रिय हो गए हैं। कुछ लोग ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर नकली सीमेंट का अवैध कारोबार कर रहे हैं। एक शिकायत पर जारचा कोतवाली पुलिस ने ब्रांडेड कंपनी की नकली सीमेंट बनाने के कारोबार में जुड़े चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एनटीपीसी रोड स्थित दो गोदामों पर छापेमारी कर कुल 166 बोरी नकली सीमेंट की बोरी पकड़ी है। इसमें 50 बोरी अल्ट्राटेक सीमेंट के नॉन ट्रेड वाले नकली और 116 बोरी अल्ट्राटेक सीमेंट के ट्रेड वाले नकली सीमेंट, आयशर ट्रैक्टर और ट्राली बरामद किया है। पकड़े गए लोगों में केडी बिल्डिंग मैटेरियल का मालिक कुलदीप शर्मा, बाबू राम, धीरज सिंह और विरासत है।
ग्रेटर नोएडा के एडीसीपी विशाल पांडे ने बताया कि अल्ट्राटेक सीमेंट के सीनियर मैनेजर संजय और ललित कुमार शिकायत दर्ज कराई थी कि जारचा थाना क्षेत्र के एनटीपीसी रोड पर उनकी कंपनी अल्ट्राटेक के नाम से नकली सीमेंट बनाया जा रहा है। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए अनुराग बिल्डिंग मैटेरियल सप्लायर की दुकान, और एनटीपीसी रोड स्थित सतपाल के गोदाम पर छापे मारे गए। कार्रवाई के दौरान 166 बोरी नकली सीमेंट की बोरियां बरामद की गईं। उसमें 50 बोरी अल्ट्राटेक सीमेंट के नॉन ट्रेड वाले नकली व 116 बोरी अल्ट्राटेक सीमेंट के ट्रेड वाले नकली सीमेंट, आयशर ट्रैक्टर और ट्राली बरामद की गई है।
जिले में नकली सीमेंट पकड़े जाने का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले वर्ष-2019 में ग्रेटर नोएडा पुलिस ने नकली सीमेंट फैक्ट्री और ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर नकली सीमेंट के कारोबार करने वाले गिरोह का खुलासा किया था। पुलिस ने हैबतपुर में हिंडन नदी के पास नकली सीमेंट बनाने की फैक्ट्री पर छापेमारी कर 1022 बोरी नकली सीमेंट बरामद कर 12 लोगों को गिरफ्तार किया था। ये लोग एनटीपीसी प्लांट से निकलने वाली राख, पुराना खराब सीमेंट और डस्ट आदि मिलाकर नकली सीमेंट तैयार करते थे।