Greater Noida News : स्वच्छ भारत अभियान की अनदेखी: डीपीएस पर 25 हजार रुपये का जुर्माना
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 02:58 AM
Greater Noida : ग्रेटर नोएडा। स्वच्छ भारत अभियान को नजरंदाज कर कूड़े का उचित प्रबंधन न करने और उसे जलाने पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के जन स्वास्थ्य विभाग ने नॉलेज पार्क-5 स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल ;डीपीएसद्ध पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। प्राधिकरण ने स्कूल को जुर्माने की रकम तीन दिनों में जमा कराने के निर्देश दिए हैं।
प्राधिकरण के जन स्वास्थ्य के प्रभारी डीजीएम सलिल यादव ने बताया कि ग्रेटर नोएडा में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2016 लागू है। इसके तहत बल्क वेस्ट जनरेटर को अपने कूड़े का निस्तारण खुद से करना होता है। निस्तारण के बाद बचा हुआ 7 से 10 प्रतिशत इनर्ट वेस्ट ही प्राधिकरण उठाएगा। इसके लिए निर्धारित शुल्क भी देना होगा। प्राधिकरण के जन स्वास्थ्य विभाग की टीम समय-समय पर सभी बल्क वेस्ट जनरेटरों के परिसर में निरीक्षण करती है और कमी मिलने पर कार्रवाई करती है। प्राधिकरण के जनस्वास्थ्य विभाग के सहायक प्रबंधक उमेश चंद्रा, सेनिटरी इंस्पेक्टर संजीव बिधूड़ी, भरत भूषण व मुदित त्यागी, सुपरवाइजर इंदर की टीम ने नॉलेज पार्क 5 स्थित डीपीएस का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कूड़े का प्रबंधन न करने और उसे जलाने की बात सामने आई। उसके बाद प्राधिकरण की टीम ने डीपीएस पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। स्कूल प्रबंधन को जुर्माने की यह रकम तीन दिनों में जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने सभी बल्क वेस्ट जनरेटरों से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2016 का पालन करने और अपने शहर को स्वच्छ बनाने में सहयोग की अपील की है।