विनय संकोची
Health : सभी जानते हैं कि हरी मिर्च खाने का स्वाद बढ़ा देती है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि इसके सेवन से सेहत के साथ सौंदर्य भी निखरता है। भारत ही एक ऐसा देश है जहां पर हरी मिर्च का प्रयोग भोजन में काफी किया जाता है। भोजन के साथ अगर हरी मिर्च न रखी हो, तो कहीं न कहीं कमी सी लगती है। भारतीय हरी मिर्च एक औषधि के समान है जिसमें शरीर के कई रोगों को खत्म करने की ताकत है। हरी मिर्च एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर होती है, इसलिए यह शरीर की सफाई का काम काफी अच्छे से करती है। यह शरीर के बूढ़े होने की प्रक्रिया को भी धीमा बना देती है। हरी मिर्च में अमीनो एसिड, एस्कोरबिक एसिड, फोलिक एसिड, सिट्रिक एसिड, ग्लीसरिक एसिड, मेलिक एसिड, मैलोनिक एसिड, सक्सीनिक एसिड, शिकिमिक एसिड, ऑक्जेलिक एसिड, क्यूनिक एसिड, कैरोटीन, क्रिप्टोकैपसिन, बाई फ्लेवोनाइड्स आदि तमाम तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर की रक्षा करते हैं। हरी मिर्च शरीर में से विषैले तत्व बाहर निकालने के लिए जानी जाती है।
खून में हीमोग्लोबिन (Hemoglobin) कम हो जाए, तो प्रतिदिन कम से कम पांच कच्ची हरी मिर्च खाने से चार-पांच दिनों में हीमोग्लोबिन सामान्य हो जाता है। जिनके खून में प्लेटलेट्स घट जाते हैं, उन्हें भी एक कच्ची हरी मिर्च बहुत फायदा पहुंचाती है। हरी मिर्च खाने से मुंह की लार अधिक उत्पन्न होती है, जो भोजन को अच्छी तरह पचाती तो है ही, गैस भी नहीं बनने देती है। हरी मिर्च हृदय को तथा प्रजनन शक्ति को ताकत प्रदान करती है। हरी मिर्च मल मूत्र विसर्जन के रास्ते में आने वाली सारी बाधाएं दूर करती है। इसमें बहुत सारा विटामिन-सी होता है, जो प्राकृतिक प्रतिरक्षा में सुधार करता है। हरी मिर्च को भोजन के साथ खाने पर क्या-क्या स्वास्थ्य लाभ प्राप्त हो सकते हैं आइए जानते हैं :
• मिर्च के सेवन से भूख कम लगती है और बार-बार खाने की इच्छा नहीं होती, जिससे वजन बढ़ने का खतरा कम हो जाता है।
• हरी मिर्च में काफी मात्रा में विटामिन-इ होता है, जो त्वचा के कई प्रकार के प्राकृतिक तेलों को उत्पादित करने के लिए जाना जाता है। अतः हरी मिर्च से अच्छी त्वचा प्राप्त हो सकती है। हरी मिर्च में फाइटोन्यूट्रिएंट्स होते हैं जो कि त्वचा को एक्ने, झाइयां और रैशेज से बचाते हैं।
• हरी मिर्च डाइटरी फाइबर का एक अच्छा स्रोत है और इनसे आंतों की गतिविधि को सही किया जा सकता है और कब्ज नहीं होती है।
• हरी मिर्च खाने से खून साफ होता है और नसों में इसका फ्लो तेजी से होता है, जिसके चेहरे पर पिंपल्स की समस्या नहीं होती। हरी मिर्च खाने से चेहरे पर जल्दी झुर्रियां नहीं पड़ती हैं।
• महिलाओं में अक्सर आयरन की कमी हो जाती है। अगर हरी मिर्च खाने के साथ रोज खाएं, तो यह कमी भी पूरी हो जाती है।
• मिर्च खाने से दिमाग में एंडोर्फिन पैदा होता है, जो कि मूड हल्का बनाकर खुशी प्रदान करता है।
• मिर्च खाने से शरीर का ब्लड शुगर लेवल बैलेंस हो जाता है।
• हरी मिर्च पुरुषों को प्रोस्टेट कैंसर के खतरे से भी बचाती है। हरी मिर्च खाने से फेफड़े के कैंसर से बचाव होता है। स्मोकिंग करते हैं तो हरी मिर्च जरूर खानी चाहिए।
• सन्निपात के रोगी को अगर एक मिर्च पीसकर किसी तरह पिला दी जाए, तो मूर्छा फौरन खत्म हो जाती है।
• मोटापे से पीड़ित लोगों को कोलोस्ट्रोल के स्तरों को कम करने में हरी मिर्च काफी सहायक होती है। हरी मिर्ची में मौजूद विटामिन के ऑस्टियोपोरोसिस के खतरे को कम करता है।
• गर्मी के दिनों में यदि खाने के साथ हरी मिर्च खाएं और फिर घर से बाहर जाएं तो कभी भी लू नहीं लग सकती। यह एक अच्छी दवाई का भी काम करती है, जो आर्थराइटिस से ग्रसित लोगों की सहायता करती है।
• गर्मी में हरी मिर्च का सेवन करने से पसीना कम आता है और यह शरीर का तापमान कम रखती है।
• हरी मिर्च के सेवन से अंगों में हो रहा दर्द कम हो जाता है एवं इससे रक्त के थक्कों की समस्या ठीक हो जाती है।
• हरी मिर्च से हृदय से संबंधित बीमारियां में भी काफी लाभ मिलता है। हरी मिर्च से आंखों की रोशनी अच्छी होती है।
• हरी मिर्ची में काफी सारे अच्छे गुण होते हैं और इन सारे गुणों का लाभ कैलोरी-मुक्त मिलता है। हरी मिर्च में बिल्कुल कैलोरी नहीं होती। अतः इसे तब भी ग्रहण कर सकते हैं जब आप वजन घटाने की डाइट पर हों।
विशेष : हरी मिर्च के गुणों का लाभ लेना चाहिए, लेकिन यदि किसी भी रोग में औषधि के रूप में हरी मिर्च का उपयोग करना चाहते हैं, तो किसी विशेषज्ञ से परामर्श अवश्य कर लें।