Health :'कद्दू' सब्जी तो है ही, दवा का काम भी करता है!
भारत
चेतना मंच
15 Jun 2022 03:27 PM
विनय संकोचीHealth: 'कद्दू'(Pumpkin) किसी परिचय का मोहताज नहीं है। इस सब्जी से ज्यादातर लोग परिचित हैं। एक समय में तो हर दावत में पूरियों के साथ कद्दू की सब्जी जरूर ही मौजूद रहती थी। आज तमाम तरह के व्यंजनों के बीच में कद्दू ने अपना अस्तित्व खोया नहीं है। कद्दू को पसंद करने वालों की आज भी कमी नहीं है। कद्दू लगभग संपूर्ण विश्व में उगाया जाता है। अमेरिका, मेक्सिको, भारत और चीन कद्दू के सबसे बड़े उत्पादक देश हैं। दुनिया भर में इस्तेमाल किए जाने के कारण ही सितंबर की 29 तारीख को हर साल 'पंपकिन डे' यानी 'कद्दू दिवस' मनाया जाता है।
कद्दू पोषक तत्वों से भरपूर होता है। इसमें सोडियम(Sodium), पोटैशियम(Potassium), कार्बोहाइड्रेट(Carbohydrate), प्रोटीन(Protein), विटामिन-सी(Vitamin-C), आयरन(Iron), विटामिन-बी6(Vitamin-B 6, मैग्निशियम(Magnesium), कैलशियम(Calcium), विटामिन-डी(Vitamin-D), फाइबर(Fibre), शर्करा(Sugar), फास्फोरस(Phosphorus), जिंक(Zinc), कॉपर (copper), मैग्नीज (Manganese), सेलेनियम (Selenium), थायमिन (Thiamine), राइबोफ्लेविन (Riboflavin), नियासिन(Niacin), फोलेट (Folate), कोलीन(Choline), विटामिन-ए (Vitamin-A), बीटा कैरोटीन (Beta Carotene) , विटामिन-के (Vitamin-K), विटामिन-ई(Vitamin-E) आदि तमाम पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो स्वास्थ्य रक्षा में सहायक हैं। कद्दू में फैट नाम मात्र को होता है और कोलस्ट्रोल तो होता ही नहीं है।
आइए जानते हैं गुणकारी कद्दू-सेवन के उपयोग और फायदे के बारे में-
• कद्दू दिल के स्वास्थ्य का रखवाला है। कद्दू में मौजूद पोटैशियम ब्लड प्रेशर को नियंत्रित कर हृदय को जोखिम से बचाने में सहायता कर सकता है।
• मधुमेह रोगियों के लिए भी कद्दू काफी फायदेमंद होता है। कद्दू के बीजों को फाइबर का बहुत अच्छा स्रोत माना जाता है, इन बीजों से बना सप्लीमेंट मधुमेह को नियंत्रित कर सकता है। कद्दू के बीज टाइप-2 डायबिटीज के मरीजों के लिए बहुत उपयोगी है।
• कद्दू के सेवन से हड्डियों को मजबूत बनाने में मदद मिल सकती है, क्योंकि यह कैल्शियम का अच्छा स्रोत है। कद्दू कैल्शियम की कमी से होने वाले आज ऑस्टियोपोरोसिस जैसे जटिल रोग के खतरे को भी कम करने में सहायक है।
• कद्दू के सेवन से आंखों को स्वस्थ रखने से फायदा हो सकता है में बीटा कैरोटीन भी शामिल है, जिसे आंखों को स्वस्थ रखने में उपयोगी माना जाता है।
• कद्दू के सेवन से कब्ज की समस्या से छुटकारा पाया जा सकता है। कद्दू में मौजूद फाइबर न केवल कब्ज़ से छुटकारा दिलाने, अपितु पाचन तंत्र को मजबूत बनाने में भी सहायक है।
• कद्दू के सेवन से मोटापे को कम किया जा सकता है। कद्दू के तने में मोटापा-रोधी यानी एंटी ओबेसिटी गुण पाया जाता है, जिसके चलते कद्दू को आहार में शामिल कर वजन घटाने में मदद मिल सकती है।
• कद्दू में मौजूद विटामिन-सी, विटामिन-ए, विटामिन-ई, बीटा कैरोटिन, फाइबर, राइबोफ्लेविन, पोटेशियम जैसे तत्व शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाते हैं। कद्दू के सेवन से बार-बार बीमार पड़ने से बचा जा सकता है।
• कद्दू में एंटी कैंसर प्रभाव भी होता है यही कारण है कि कद्दू के सेवन से कैंसर कोशिकाओं को बढ़ने से रोकने में सहायता मिल सकती है। कद्दू स्थान व प्रोस्टेट कैंसर को पनपने से भी रोकने में सहायक हो सकता है।
• कद्दू में प्रचुर मात्रा में मौजूद पोटैशियम उच्च रक्तचाप की रोकथाम और उपचार के लिए उपयोगी माना जाता है।
• कद्दू का सेवन अस्थमा की समस्या में राहत पहुंचाने का काम करता है। कद्दू में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट अस्थमा के जोखिम को कम करने में मददगार हो सकता है।
• कद्दू के सेवन से अवसाद से छुटकारा पाने में मदद मिल सकती है। कद्दू का एंटी डिप्रेशन गुण डिप्रेशन में राहत दिलाने में सहायक है।
• कद्दू त्वचा को स्वस्थ बनाए रखने में भी सहायता करता है।
जरूरी बात : अल्प रक्त शर्करा की स्थिति में कद्दू नहीं खाना चाहिए। कुछ लोगों का शरीर कद्दू के प्रति संवेदनशील होता है, यदि वे कद्दू का सेवन करते हैं तो एलर्जी होना संभव है। कद्दू के ज्यादा सेवन के बाद गैस से पेट फूलने की समस्या हो सकती है। विशेष : यहां कद्दू के गुण और उपयोग के बारे में विशुद्ध सामान्य जानकारी दी गई है। यह सामान्य जानकारी चिकित्सकीय परामर्श का विकल्प नहीं है। इसलिए हम किसी उपाय अथवा जानकारी की सफलता का दावा नहीं करते हैं। रोग विशेष के उपचार में कद्दू को औषधि रूप में अपनाने से पूर्व योग्य चिकित्सक/आहार विशेषज्ञ से परामर्श जरूरी है।