
International Garment Fair : उत्तर प्रदेश के नोएडा में कल यानि 20 जून से 67वां अंतर्राष्ट्रीय परिधान मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले के आयोजन को लेकर सभी तैयारी पूर्ण कर ली गई है। इस मेले में विशेष प्रकार के परिधानों की प्रदर्शनी की जाएगी, साथ ही प्रदर्शनी से संबंधित अन्य चर्चा की जाएगी। 67वें इंडिया इंटरनेशल गारमेंट फेयर का उदघाटन सोमवार की शाम होगा।
अतिरिक्त महानिदेशक (एम एंड सी) आलोक मिश्रा ने चेतना मंच को जानकारी देते हुए बताया कि केंद्रीय कपड़ा, उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण और वाणिज्य, उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल सोमवार, 20 जून 2022 की शाम 5 बजे 67वें भारत अंतर्राष्ट्रीय परिधान मेले का उद्घाटन करेंगे। यह मेला ग्रेटर नोएडा के सीएफबी क्षेत्र, इंडिया मार्ट में आयोजित किया जाएगा।
श्री आलोक मिश्रा ने बताया कि यह फेयर खरीदारों और विक्रेताओं को परिधान, फैशन एक्सेसरीज और परिधान में अपनी सोर्सिंग जरूरतों को पूरा करने के लिए एक मंच प्रदान करता है। इस आयोजन को प्रतिभागियों द्वारा खूब सराहा जाता है। उन्होंने बताया कि इस फेयर में भारतीय निर्यातकों को परिधान और एक्सेसरीज़ में अपने नवीनतम डिज़ाइन दिखाने में मदद करता है। यह आयोजन दुनिया भर के आयातकों के लिए खुला है।