लखीमपुर खीरी मामला : वरुण गांधी ने सीएम योगी को लिखा पत्र
भारत
RP Raghuvanshi
28 Nov 2025 04:04 AM
भारत
RP Raghuvanshi
28 Nov 2025 04:04 AM
पीड़ितों के परिजनों को एक-एक करोड़ का मुआवजा भी मिले
नई दिल्ली। भाजपा सांसद वरुण गांधी ने लखीमपुर हिंसा के मामले में उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में सीबीआई जांच कराने की मांग की है। इसके साथ ही वरुण गांधी ने पीड़ित परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने की भी मांग मुख्यमंत्री से की है। बता दें कि उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के लखीमपुर खीरी दौरे से पहले हुई हिंसा में आठ लोगों की मृत्यु के बाद पैदा हुए हालातों के मद्देनजर राज्य प्रशासन ने वहां धारा 144 लगा रखी है।
वरुण गांधी ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में कहा है कि लखीमपुर खीरी में किसानों के विरोध प्रदर्शन को निर्दयतापूर्वक कुचलने की जो हृदय विदारक घटना हुई है, उससे देश के नागरिकों में भारी पीड़ा और रोष है। इस घटना से एक दिन पहले ही देश ने अंहिसा के पुजारी महात्मा गांधी जी की जयंती मनाई थी। अगले ही दिन लखीमपुर खीरी में जो भी घटित हुआ वह किसी भी सभ्य समाज में अक्षम्य है। आंदोलनकारी किसान भाई हमारे अपने नागरिक हैं। यदि कुछ मुद्दों को लेकर किसान भाई पीड़ित हैं और अपने लोकतांत्रिक अधिकारों के तहत विरोध प्रर्दशन कर रहें हैं तो हमें उनके साथ बड़े ही संयम एवं धैर्य के साथ बर्ताव करना चाहिए। बीजेपी सांसद ने पत्र में आगे लिखा है कि हमें हर हाल में अपने किसानों के साथ केवल और केवल गांधीवादी व लोकतांत्रिक तरीके से कानून के दायरे में रहकर संवेदनशीलता के साथ पेश आना होगा। इस घटना में शहीद हुए किसान भाइयों को श्रद्धांजलि देते हुए मैं उनके परिजनों के प्रति अपनी शोक संवेदनाएं प्रकट करता हूं। मेरा आपसे निवेदन है कि इस घटना में संलिप्त तमाम संदिग्धों को तत्काल चिन्हित कर आईपीसी की धारा 302 के तहत हत्या का मुकदमा कायम कर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने लिखा कि इस विषय में आदरणीय सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में सीबीआई द्वारा समयबद्ध सीमा में जांच करवाकर दोषियों को सजा दिलवाना ज्यादा उपयुक्त होगा। इसके अलावा पीड़ित परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा भी दिया जाए। कृपया यह भी सुनिश्चित करने का कष्ट करें कि भविष्य में किसानों के साथ इस प्रकार का कोई भी अन्याय या अन्य ज्यादती ना हो। आशा है इस घटना की गंभीरता को देखते हुए आप मेरे निवेदन पर तत्काल कार्रवाई करने का कष्ट करेंगे। वहीं इस घटना की वजह से विरोधियों के निशाने पर आए स्थानीय सांसद और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा ने भी अपने ड्राइवर और भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या का आरोप लगाते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ से 302 के तहत मुकदमा दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवई करने की मांग की है। उन्होंने इस पूरे प्रकरण में साजिश की जांच करने की भी मांग की है।
बता दें कि, उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के दौरे को लेकर किसानों के विरोध प्रदर्शन के दौरान रविवार को लखीमपुर खीरी जिले के तिकोनिया इलाके में भड़की हिंसा में चार किसानों समेत आठ लोगों की मौत हो गई थी। यह घटना तिकोनिया-बनबीरपुर मार्ग पर हुई। उप मुख्यमंत्री को कार्यक्रम स्थल पर लाने के लिए जा रहे भाजपा कार्यकर्ताओं के दो वाहनों द्वारा कथित रूप से प्रदर्शनकारियों को टक्कर मारे जाने के बाद नाराज किसानों ने दोनों वाहनों में आग लगा दी थी। इस घटना में चार किसानों तथा वाहनों पर सवार चार अन्य लोगों की मौत हो गई थी। किसान केशव प्रसाद मौर्य के बनबीरपुर दौरे का विरोध कर रहे थे जो केंद्रीय गृह राज्य मंत्री और खीरी से सांसद अजय कुमार मिश्रा का पैतृक गांव है।