Lakhimpur Khiri : लखीमपुर खीरी में किसानों के 75 घन्टे के धरने में जुटी भारी भीड़, महिलाओं ने भी की भागीदारी
भारत
चेतना मंच
19 Aug 2022 04:47 PM
Lakhimpur Khiri : लखीमपुर खीरी। केंद्र सरकार की वादाखिलाफी से किसान एक बार फिर आंदोलन की राह पर चल पड़े हैं। अपनी मांगों को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा ने 75 घंटे का प्रदर्शन शुरू कर दिया है। गुरुवार को पहले दिन ही कई जनपदों और राज्यों से हजारों किसान राजापुर मंडी पहुंचे। इनमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हैं। किसानों की भीड़ का अनुमान लगाने में एलआईयू एक बार फिर फेल हो गया। किसानों की बढ़ती संख्या ने जिला प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। परिसर में पानी व शौचालय की समस्या उत्पन्न होने पर भाकियू नेता राकेश टिकैत ने जिला प्रशासन को एक घंटे में व्यवस्था कराने के लिए अल्टीमेटम दिया और ऐसा न होने पर प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर किसानों के प्रदर्शन की चेतावनी दे दी। उसके बाद पानी और अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त की जाने लगीं।
संयुक्त किसान मोर्चा ने कई दिन पहले ही खीरी में 75 घंटे के प्रदर्शन का ऐलान कर राजापुर मंडी में किसानों के जुटने का आह्वान किया था। भाकियू नेता राकेश टिकैत की अगुवाई में गुरुवार से प्रदर्शन शुरू हुआ, लेकिन इससे पहले सुबह से ही बसों समेत अन्य वाहनों से किसानों के काफिले मंडी पहुंचने लगे थे। इससे दोपहर तक मंडी के कई टिन शेड भर गए। कहीं पर किसानों का जत्था खाना बनाने की तैयारी में जुटा, तो कहीं पर किसान नहाते नजर आए। इससे मंडी परिसर में पानी की किल्लत हो गई और भीड़ के आगे शौचालय भी कम पड़ गए।
एलआईयू के अधिकारी भी किसानों की इतनी भीड़ होने का आंकलन नहीं कर सके थे, जिससे प्रशासन द्वारा किए गए इंतजाम नाकाफी साबित हुए। इससे धरना स्थल से भाकियू नेता राकेश टिकैत ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को कड़े लहजे में पानी व शौचालय की व्यवस्था एक घंटे के अंदर कराने का अल्टीमेटम दिया। टिकैत ने कहा कि यदि एक घंटे में व्यवस्था न हुई, तो सभी जिला मुख्यालयों पर किसान संगठन प्रदर्शन शुरू कर देंगे। इसके बाद जिला प्रशासन के अधिकारी तुरंत हरकत में आए। सीडीओ अनिल कुमार सिंह, एडीएम संजय कुमार सिंह, एएसपी एके सिंह किसान नेताओं से मिन्नतें करते नजर आए और पानी व शौचालय की तत्काल पर्याप्त व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया।
नगर पालिका के ईओ संजय कुमार को तुरंत पर्याप्त मात्रा में पानी के टैंकर व शौचालय मंडी परिसर में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। टैंकर व सचल शौचालयों के आने से पहले ही प्रशासन ने आनन फानन एक पिकअप पानी के पाउच धरना स्थल पर उपलब्ध कराए, तब जाकर किसानों की प्यास शांत हुई। इसके कुछ देर बाद मंडी परिसर में पांच और पानी के टैंकर समेत कुल 10 टैंकर व आठ सचल शौचालयों की व्यवस्था कराई गई। तब जाकर अधिकारियों ने राहत की सांस ली। ईओ संजय कुमार ने बताया कि ओयल, पलिया, गोला और मोहम्मदी नगर पालिका से टैंकर व शौचालय मंगाए गए हैं। हालांकि, राकेश टिकैत इससे भी संतुष्ट नहीं दिखे और प्रशासन को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि जब प्रशासन को सब कुछ पहले ही बता दिया गया था। तो फिर प्रशासन ने पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं किये? कहा कि सबसे ज्यादा महिलाओं को दिक्कत हुई है।
भाकियू कार्यकर्ताओं ने भी विभिन्न मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट में 75 घंटे का धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। भाकियू जिलाध्यक्ष योगेश शर्मा का कहना है किसानों ने पहले सिर्फ लखीमपुर खीरी का ऐलान किया था, लेकिन वहां पर प्रशासन की ओर से किसानों के लिए जरूरी सुविधाएं तक नहीं दी गईं। इसलिए अब कलेक्ट्रेट में भी धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया गया है। धरने पर गौरव भी पहुंचे। जिलाध्यक्ष ने बताया कि 20 अगस्त तक धरना प्रदर्शन चलेगा। जरूरी हुआ तो इसे अनिश्चितकाल में भी तब्दील किया जा सकता है।