Levana Hotel- लखनऊ का लेवाना होटल भीषण अग्निकांड के बाद किया गया सील
भारत
RP Raghuvanshi
07 Sep 2022 09:03 PM
Lucknow- प्रदेश की राजधानी लखनऊ के हजरतगंज इलाके में स्थित लक्जरी होटल लेवाना (Levana Hotel) में 5 सितंबर, सोमवार को भीषण आग लग गई थी। इस हादसे में 4 लोगों की जान चली गई थी, जबकि लगभग डेढ़ दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। लेवाना में हुए इस भीषण अग्निकांड के दो दिन बाद अब प्रशासन काफी एक्टिव हुआ है, और इस हादसे की जड़ तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
लखनऊ प्राधिकरण (LDA) की टीम ने आज घटनास्थल का दौरा किया, होटल लेवाना (Levana Hotel) को सील कर दिया। 5 सितंबर को होटल लेवाना में हुए भीषण अग्निकांड के बाद मंडलायुक्त ने लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) को अवैध होटलों के खिलाफ कार्रवाई करने के आदेश दिए थे। साथ ही, आदेश में लेवाना होटल (Levana Hotel) को सील करने और नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश भी दिए थे। आज होटल लेवाना को सील कर दिया गया है।
जानकारी के लिए बता दे होटल लेवाना पर अवैध निर्माण का भी आरोप है। ऐसे में ये उम्मीद जताई जा रही है कि बहुत जल्द इस पर बुलडोजर भी चल सकता है।
लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) की रिपोर्ट के मुताबिक वर्ष 1996 में भवन के मालिकों से कहा गया था कि इस बिल्डिंग का स्वरूप बदलकर आवासीय कर लें। नहीं तो सरकारी आदेश के अनुसार, उचित धनराशि जमा कर कुछ हिस्से का भू उपयोग कार्यालय में बदलवा लें। माना जाता है कि इसी के बाद मालिकों की तरफ से ग्रुप हाउसिंग (Group Housing) का नक्शा प्रस्तुत करते हुए आवेदन किया गया था। जिसे बाद में अवैध रूप से व्यावसायिक निर्माण करा इसे होटल में बदल दिया गया। ये होटल बीते 5 वर्षों से चल रहा है।