नोएडा। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि देश का केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी एक माफिया है। इसको तुरंत मंत्री पद से बर्खास्त करके जेल भिजवाा देना चाहिए।
श्री टिकैत ने मंत्री पर सीधे आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अजय मिश्र टेनी इसके पूर्व चंदन लकड़ी की तस्करी करता था। यही नहीं, नेपाल में वह यूरिया तथा डीएपी खाद की तस्करी का भी कार्य करता था। अजय मिश्र के नेपाल में दो पेट्रोल पंप भी हैं जिसकी आड़ में वह डीजल तथा पेट्रोल की भी खुलेआम तस्करी करता था। लखीमपुर खीरी में अजय मिश्र की हिस्ट्रीशीट खुली हुई है तथा थानों में इसके खिलाफ कई आपराधिक मामले भी दर्ज बताए जाते हैं।
उन्होंने भारत सरकार से मांग की है कि ऐसे माफिया मंत्री को तत्काल प्रभाव से पद से बर्खास्त करके किसानों की हत्या के आरोप में उसे जेल भिजवाया जाए।
मालूम हो कि हाल ही में लखीमपुर खीरी में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री का शांतिपूर्वक तरीके से विरोध कर रहे किसानों को मंत्री के पुत्र आशीष मिश्रा तथा उसके साथियों ने कार से रौंद दिया था। जिससे 4 किसानों की मौत हो गई थी। एफआईआर के बावजूद भी अभी तक मंत्री तथा मंत्री पुत्र की गिरफ्तारी नहीं हुई। इससे किसानों का आक्रोश काफी बढ़ता जा रहा है