Maharashtra Breaking: काला सोमवार, इंदौर से पुणे जा रही बस नर्मदा में गिरी, अब तक 13 शव निकाले
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 12:17 AM
Indore: इंदौर। मध्य प्रदेश में सावन के पहले सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया। सुबह इंदौर और खरगोन के बड़ा हादसा हो गया। इंदौर से पुणे जा रही बस सुबह पौने 10 बजे धामनोद में खलघाट के पास नर्मदा नदी में गिर गई। बस में महिलाओं-बच्चों समेत 40 यात्री सवार थे। अब तक 13 शव निकाले जा चुके हैं। इनमें 8 पुरुष, 4 महिलाएं और 1 बच्चा शामिल है। मृतकों की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने 15 यात्रियों को जिंदा बाहर निकालने का दावा किया है। हालांकि, घटनास्थल पर मौजूद एम्बुलेंस स्टाफ और रेस्क्यू टीम ने बताया कि अभी तक किसी को जिंदा बाहर नहीं निकाला गया है।
बताया गया है कि बस खलघाट में टू-लेन पुल पर किसी वाहन को ओवरटेक करते समय अनियंत्रित हो गई। ड्राइवर ने संतुलन खो दिया और रेलिंग तोड़ते हुए बस नदी में जा गिरी। हादसे की जानकारी मिलते ही खलघाट सहित आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए हैं। इंदौर और धार से एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच चुकी है। यह पुल पुराना बताया जा रहा है। बस महाराष्ट्र राज्य परिवहन की है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घटना को संज्ञान में लेते हुए प्रशासन को बचाव और राहत कार्य के आदेश दिए हैं।
हादसा आगरा-मुंबई (एबी रोड) हाईवे पर हुआ। यह रोड इंदौर से महाराष्ट्र को जोड़ता है। घटनास्थल इंदौर से 80 किलोमीटर दूर है। जिस संजय सेतु से बस गिरी, वो दो जिलों- धार और खरगोन की सीमा पर बना है। पुल का आधा हिस्सा खलघाट (धार) और आधा हिस्सा खलटाका (खरगोन) में है। खरगोन से भी कलेक्टर और एसपी भी मौके पर पहुंचे हैं।
बताया जाता है कि बस सुबह 9 से 9.15 बजे बीच खलघाट से 12 किलोमीटर पहले दूधी बायपास किनारे एक होटल पर रुकी थी। होटल मालिक ने बताया कि यहां 12-15 यात्रियों ने चाय-नाश्ता किया। बाकी सवारी अंदर बैठी थी। अंदर कितनी सवारी यह तो पता नहीं, लेकिन बस में 30 से 35 सवारी होंगी।