Maharashtra News : अब युवा सेना में सेंध, एकनाथ कैंप में आए विकास गोगवले
भारत
RP Raghuvanshi
13 Jul 2022 07:21 PM
Mumbai: मुंबई। शिवसेना सुप्रीमो उद्धव ठाकरे की सियासी अड़चनें कम नहीं हो रही हैं। अपने विधायकों की बगावत कर पाला बदलने के सदमे से वह अभी उबर भी नहीं पाए थे कि अब एकनाथ शिंदे ने युवा सेना में सेंध लगा दी। युवा सेना के नेता विकास गोगवले एकनाथ शिंदे के गुट में शामिल हो गए हैं। युवा सेना के अध्यक्ष आदित्य ठाकरे हैं।
युवा नेता विकास गोगवले महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे गुट के नेतृत्व वाले विद्रोही खेमे में शामिल हो गए। मंगलवार की रात विकास को मुख्यमंत्री आवास पर देखा गया, जहां उन्होंने गुरु पूर्णिमा के अवसर पर शिंदे खेमे को औपचारिक रूप से अपना समर्थन दिया। उन्होंने यह भी दावा किया कि इस सप्ताह के अंत तक युवा सेना के 50 से अधिक पदाधिकारी भी इधर आ सकते हैं। उल्लेखनीय है कि विकास के पिता भरत गोगावाले सीएम शिंदे गुट के मुख्य सचेतक हैं।
इससे पहले महाराष्ट्र के सीएम शिंदे ने दावा किया कि उद्धव ठाकरे के शिवसेना धड़े के कई नेता उनके संपर्क में हैं। वह इन अटकलों पर प्रतिक्रिया दे रहे थे कि शिवसेना के 18 लोकसभा सांसदों में से 12 उनके खेमे से हाथ मिलाने को तैयार हैं। शिंदे ने नई सरकार के समर्थन का श्रेय दिवंगत बाला साहेब ठाकरे की विचारधारा को आगे बढ़ाने और एक बार फिर भाजपा के साथ गठबंधन करने वाले बागी विधायकों को दिया। शिवसेना के 55 में से 40 विधायक नई सरकार का समर्थन कर रहे हैं, जिसके अलावा बीजेपी के पास 106 विधायक, छोटे दलों के विधायक और निर्दलीय हैं। शिवसेना के दो सांसद भावना गवली और श्रीकांत शिंदे उनके खेमे का हिस्सा हैं।