New Delhi News: एमएसपी और किसानों पर मुकदमा वापसी तक नहीं हटेंगे: टिकैत
भारत
RP Raghuvanshi
29 Nov 2025 06:44 AM
नई दिल्ली। संसद में कृषि कानूनों का निरस्तीकरण विधेयक पारित होने के बाद उम्मीद जताई जा रही थी कि अब किसान आंदोलन खत्म हो जाएगा। साथ ही किसानों की घर वापसी हो जाएगी। जाम से परेशान आम जनता भी चाहती है कि अब किसान आंदोलन खत्म हो। वहीं भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने आज कहा कि किसानों के घर वापसी की अफवाह फैलाई जा रही है। एमएसपी और किसानों पर मुकदमा वापस किए बिना कोई भी किसान यहां से नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि चार दिसंबर को हमारी बैठक है।
राकेश टिकैत ने कहा कि जब तक एमएसपी पर कानून नहीं बन जाते और किसानों पर दर्ज मुकदमें वापस नहीं लिए जाते तब तक कोई भी किसान यहां से नहीं हिलेगा। हमारी मांग पूरी होने के बाद ही हम यहां से जाएंगे।
इसी वजह से तीनों कृषि कानून निरस्त होने के बाद भी गाजीपुर, सिंघु, शाहजहांपुर और टीकरी बार्डर पर किसानों का आंदोलन जारी है। हालांकि, इससे पहले संकेत मिल रहे थे कि कृषि कानून निरस्त होने के बाद धरना खत्म हो जाएगा और किसान वापस घर चले जाएंगे। सोमवार को आंदोलनकारियों द्वारा टीकरी बार्डर पर कई जगह से तंबू भी हटाए गए थे।