Noida Crime: अंधभक्ति में लुट गए महिला के गहने, दादरी में हुई वारदात
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 07:42 PM
Noida / Dadri : नोएडा/दादरी। दुर्गा माता के दर्शन कराने के नाम पर एक महिला को लूट लेने का मामला प्रकाश में आया है। अंधविश्वास में लीन बेचारी महिला को क्या पता था कि उसकी अंधभक्ति उसका लाखों का नुकसान करा देगी। दादरी कस्बे के एस्कॉट कॉलोनी में रहने वाले राजेश की पत्नी श्रीमती कुसुम देवी मजदूरी करने के लिए काम पर जा रही थीं। दादरी रेलवे रोड पर दो लडके मिले। जिन्होंने उसे अपनी बातों में उलझाकर कहा कि आपको हम दुर्गा माता के दर्शन करवा सकते हैं। महिला तैयार हो गई, फिर उन्होंने महिला से कहा कि दर्शन से पहले अपने कुण्डल और अंगूठी उतार कर हमें दे दो और दस से बीस कदम गिनकर आगे बढ़ो। महिला ने वैसे ही किया और इसी बीच वो दोनों लडके महिला के कुंडल व अंगूठी लेकर फरार हो गए।
दादरी थाने की पुलिस ने टप्पेबाजी की मामूली धारा में केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि यह लूट की घटना नहीं है। जबकि महिला का आरोप है कि लुटेरों ने बातचीत करते समय उसे कोई ऐसी चीज सुंघा दी जिससे वह बेहोश हो गयी। कुछ भी हो अंधभक्ति के चक्कर में कुसुम के लाखों रूपये के गहने लुट गए।