Noida Farmers Protest: नोएडा में प्रदर्शन कर रहे 700 किसानों पर केस
नोएडा के थाने में दर्ज हुआ केस. (pc- Twitter)
भारत
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 12:00 AM
नोएडा. किसान आंदोलन (Noida Farmers Protest) के बीच नोएडा में बुधवार को धरना प्रदर्शन कर रहे करीब 700 किसानों (Farmers) के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. ये किसान नोएडा अथॉरिटी के खिलाफ धरना प्रदर्शन कर रहे थे. बताया गया है कि एक अधिकारी की शिकायत पर उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया है.
नोएडा के सेक्टर 20 थाने में रिपोर्ट
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार नोएडा के थाना सेक्टर 20 के प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह चौहान ने इस संबंध में जानकारी दी है. उन्होंने बताया है कि नोएडा अथॉरिटी के अफसर रामचंद्र नेगी की शिकायत पर थाने में किसान एकता परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखबीर खलीफा, महेश, सुधीर चौहान सहित 42 नामजद व 700 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है.
किसानों पर लगाए गए आरोप
शिकायत में इन किसानों पर आरोप लगाया गया है कि प्रदर्शन कर रहे किसान नेताओं ने नोएडा प्राधिकरण के खिलाफ नारे लगाए थे. इसके साथ ही आरोप लगाए गए हैं कि उन्होंने अथॉरिटी के गेट पर तालाबंदी करके कर्मचारियों को बंधक बनाया और उनके साथ बदसलूकी की. जानकारी दी गई है कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है.
किसानों ने कही ये बात
रिपोर्ट के अनुसार इस मामले में किसान नेता सुखबीर खलीफा का कहना है कि नोएडा प्राधिकरण के अधिकारी तानाशाही रवैया अपना रहे हैं और किसानों की जायज मांग को लेकर वे लोग 99 दिन से नोएडा प्राधिकरण के खिलाफ धरना प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन प्राधिकरण के अधिकारी उनकी समस्याओं को हल करने के बजाय पुलिस पर दबाव बनाकर, उनके खिलाफ लगातार मामले दर्ज करवा रहे हैं.