Noida News : तीन दिन बाद भी फरार है हत्या व बलात्कार का आरोपी सिपाही
UP Police
भारत
चेतना मंच
29 Nov 2025 12:44 AM
Noida : नोएडा। बड़े बड़े अपराधियों को पाताल से खोज निकालने का दावा करने वाली कमिश्नरेट पुलिस अपने ही फरार कॉन्स्टेबल को तलाशने में नाकाम साबित हो रही है। बता दें कि गत 2 अगस्त को सेक्टर-70 के एक होटल में एडोब कंपनी की युवती की संदिग्ध मौत हो गई थी। युवती का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला था। इस मामले में युवती के परिजनों ने बलात्कार के बाद उसकी हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया था। युवती के पिता की शिकायत पर पुलिस ने उसके सहकर्मियों व एक पुलिस कांस्टेबल के खिलाफ बलात्कार व हत्या की धाराओं में मामला दर्ज किया था। पुलिस इस मामले में नामजद अर्जुन दुग्गल, नेहा गुप्ता व सुधीर उपाध्याय से लगातार पूछताछ कर रही है। इस मामले में नामजद कॉन्स्टेबल आकाश मुकदमा दर्ज होने से पहले ही फरार हो गया था। आकाश नामक यह सिपाही सेक्टर-49 थाने में तैनात है। वहां उसका काम टाइपिस्ट का था। रविवार को उसने थाना सेक्टर-49 में नाईट ड्यूटी दी थी। इसके बाद से ही वह लगातार फरार चल रहा है।
नोएडा की एडीसीपी अंकिता शर्मा ने बताया कि आरोपी कांस्टेबल आकाश की गिरफ्तारी के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
आम जनता का कहना है कि नोएडा पुलिस तो हमेशा यह दावा करती थी कि वह बड़े-बड़े अपराधियों को पाताल से भी खोजकर निकाल लेती है। अब भला ऐसा क्या हो गया है कि बलात्कार व हत्या जैसे संगीन आरोप के आरोपी अपने ही सिपाही को पुलिस 3 दिन बाद भी पकडऩा तो दूर तलाश तक नहीं कर पाई है।