Noida News : सिंगल यूज प्लास्टिक प्रतिबंध के पहले दिन उड़ी धज्जियां
भारत
RP Raghuvanshi
02 Dec 2025 03:33 AM
भारत
RP Raghuvanshi
02 Dec 2025 03:33 AM
Noida : नोएडा । देश व प्रदेश में आज से सिंगल यूज प्लास्टिक प्रतिबंध किए जाने के पहले दिन नोएडा में इस आदेश की धज्जियां उड़ती देखी गई। चेतना मंच की टीम ने आज नोएडा के कई बाजारों, सेक्टरों व गांव में स्थित दुकानों का जब जायजा लिया तो वहां बेखौफ होकर सिंगल यूज प्लास्टिक पॉलिथीन का उपयोग होता पाया। हैरत की बात तो यह है कि इस दौरान प्रदेश सरकार के इस अभियान का ना तो दुकानदारों में कोई खौफ देखा गया और ना ही ग्राहकों में कोई जागरूकता। जबकि सिंगल यूज प्लास्टिक के उत्पादन, बिक्री तथा उपयोग करने पर जुर्माने तथा जेल तक की सजा का प्रावधान लागू किया गया है
गौरतलब है कि शासन के आदेश को अमलीजामा पहनाने के लिए नोएडा प्राधिकरण का जन स्वास्थ विभाग पिछले दो दिनों से आक्रामक अभियान चला रहा है। महाप्रबंधक राजीव त्यागी के नेतृत्व में आरडब्ल्यूए, फोनरवा, एनजीओ, स्कूल, कॉलेज की सहभागिता से गांव तथा सेक्टरों में लगातार जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रयोग को करें तौबा: राजीव त्यागी
नोएडा। नोएडा प्राधिकरण के प्रमुख महाप्रबंधक व जन स्वास्थ विभाग के प्रभारी राजीव त्यागी ने आज लोगों से अपील की है कि वे सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग करने से बचें। ना तो वे स्वयं इसका प्रयोग करें तथा न ही किसी अन्य को उसका प्रयोग करने दें। उन्होंने कहा कि जन सहभागिता से ही हम नोएडा तथा प्रदेश को पॉलिथीन से मुक्त कर सकेंगे।