Noida: नोएडा। गौतमबुद्ध नगर जिले में विभिन्न स्थानों पर हुए सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान राजेश कुमार पुत्र लखमी चंद निवासी छपरावत बुलंदशहर के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दूसरी ओर, थाना सेक्टर 39 क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में 2 लोग घायल हो गए। सेक्टर 38 स्थित गार्डन गलेरिया माल के गेट नंबर 11 पर तेज गति में आ रही एक आल्टो कार के चालक ने बैरियर तोड़कर गार्ड अमित सिंह के ऊपर चढ़ा दी। घटना में अमित सिंह का पैर टूट गया। अमित सिंह के भाई सतीश भदौरिया ने अल्टो कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं, सूरजपाल सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि एक स्विफ्ट कार चालक ने सेक्टर 44 में उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और वह घायल हो गए। पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी वाहन चालको की तलाश शुरू कर दी है।