Noida News : प्रोपर्टी विवाद ने छीन ली दंपत्ति की जिंदगी
भारत
चेतना मंच
29 Nov 2025 06:12 AM
नोएडा । थाना सूरजपुर क्षेत्र के जीटा-1 सेक्टर के पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्टे यूपीएसआईडीसी साईट सी में रहने वाले बुजुर्ग दंपत्ति ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। इसकी सूचना दंपत्ति के डॉक्टर पुत्र ने पुलिस को दी। मौके से पुलिस ने 13 पेज का सुसाइड नोट बरामद किया है। जिसमें कीर्ति नगर दिल्ली के एक मकान के सेल आउट को लेकर मकान बिकवाने वाले और खरीदने वालों के बीच विवाद का मामला दर्शाया गया है। पुलिस सुसाइड नोट के अनुसार मामले की जांच कर रही है।
एडिशनल डीसीपी क्राइम इलामारन ने जानकारी देते हुए बताया कि थाना सूरजपुर पुलिस को सूचना मिली कि पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्टे साइट सी के मकान नं. ई-9 में बुजुर्ग दंपत्ति ने आत्महत्या कर ली है।
सूचना पर मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी और उनकी टीम ने पाया कि सत्येंद्र सिंह निझवान (58 वर्ष) पुत्र जयमल सिंह निवासी ई-9 पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्टे सोसाइटी तथा उनकी पत्नी जसवंत कौर (56 वर्ष) के शव घर में पड़े हुए थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें अस्पताल भिजवाया जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की मौत जहरीला पदार्थ खाने से हुई है। साथ ही पुलिस ने 13 पेज का सुसाइड नोट मृतकों के पास से बरामद किया है। जिसमें कीर्ति नगर दिल्ली के एक मकान को सेल आउट किया गया। जिस पर लोन भी था। लेकिन खरीदने वाले से विवाद था। जिसके चलते दंपत्ति मानसिक तनाव में गुजर रहे थे।
पुलिस सुसाइड नोट के अनुसार जांच कर रही है। तथा दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। साथ ही पुलिस मृतक दंपत्ति के डॉक्टर पुत्र तरनप्रीत सिंह से भी पूछताछ कर रही है।
डीसीपी ने बताया कि दंपत्ति अगस्त महीने में नोएडा शिफ्ट हुए थे। सुसाइट नोट में कुछ लोगों के नाम भी हैं जिसकी जांच की जा रही है।