Noida Twin Tower- ट्विन टॉवर के ध्वस्तीकरण को लेकर की जाएगी आज बैठक
भारत
RP Raghuvanshi
29 Nov 2025 02:21 PM
भारत
RP Raghuvanshi
29 Nov 2025 02:21 PM
Noida Twin Tower- नोएडा के सेक्टर 93a सुपरटेक एमेरल्ड कोर्ट में स्थित ट्विन टॉवर के अंतिम ब्लास्ट की तैयारियां शुरू कर दी गई है। 10 अप्रैल को ट्रायल ब्लास्ट के बाद इमारत की मजबूती व ध्वस्त करने के लिए आवश्यक विस्फोटक के बारे में पता लगा था। इसके बाद इमारत को ध्वस्त करने के लिए 22 मई की तिथि निर्धारित की गई थी। अब आखिरी तारीख आगे बढ़ा कर 28 अगस्त तक की कर दी गई है।
आज नोएडा सेक्टर 6 स्थित प्राधिकरण कार्यालय में अंतिम ब्लास्ट की तैयारियों को लेकर बैठक की जाएगी। इस बैठक में ट्विन टावर को लेकर बनाई गई कमेटी के सभी स्टेकहोल्डर मौजूद होंगे। बैठक में प्राधिकरण, बिल्डर, एजेंसी, इंडियन डिमोलिशन एसोसिएशन समेत कई एजेंसियां हिस्सा लेंगी। बैठक के दौरान अंतिम लास्ट की तैयारियों संबंधित मुद्दों पर बातचीत के अलावा ट्विन टावर के पास रहने वाले निवासियों के समस्याओं पर भी विचार विमर्श किए जाएंगे।
ब्लास्ट के लिए चयनित एजेंसी एडिफिस इंजीनियरिंग की टीम प्रगति की रिपोर्ट बैठक के दौरान अधिकारियों के सामने प्रस्तुत करेंगे और इसके साथ ही इस मुद्दे पर भी बातचीत होगी कि कितना काम किया जा चुका है और कितना किया जाना बाकी है।
गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट ने एजेंसी को ब्लास्ट के लिए 28 अगस्त तक की डेडलाइन दी हुई है। ऐसे में सीईओ की तरफ से कंपनी द्वारा आगे के एक्शन प्लान के बारे में जानकारी मांगी जा सकती है।
10 अप्रैल को नोएडा स्थित ट्विन टावर पर हुए ट्रायल ब्लास्ट के बाद बताया गया था कि यह दोनों इमारतें काफी मजबूत हैं। इनको गिराने के लिए लगभग 3500 किलो विस्फोटक लगेगा। फिलहाल अभी कंपनी नए सिरे से ध्वस्तीकरण की योजना बना रही है। इसके लिए पिलर पर जियोटेक्सटाइल फाइबर की दो अतिरिक्त के अलावा दोनों बेसमेंट में विस्फोटक लगाने का काम किया जा रहा है, ताकि इस पर जब ब्लास्ट किया जाए तो आसपास की इमारतों को कोई नुकसान ना हो।