President Election : राष्ट्रपति चुनाव: यशवंत सिन्हा का समर्थन करेगी आप: संजय सिंह
ED Raid Sanjay Singh:
भारत
चेतना मंच
16 Jul 2022 07:33 PM
New Delhi: नई दिल्ली। देश में प्रस्तावित राष्ट्रपति चुनाव की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। एक ओर जहां बीजेपी की अगुवाई में केंद्र में सत्तारूढ़ गठबंधन एनडीए द्रौपदी मुर्मू के लिए समर्थन जुटाने में गैर-एनडीए शासित दलों को भी अपने पाले में लाने में कामयाब होती दिख रही है। वहीं, विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा भी अपनी उम्मीदवारी मजबूत करने के लिए तमाम दलों के नेताओं से मिल रहे हैं। अब आम आदमी पार्टी की तरफ से राष्ट्रपति चुनाव में यशवंत सिन्हा के समर्थन की घोषणा की है। आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि उनकी पार्टी विपक्ष के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा का समर्थन करेगी। हम द्रौपदी मुर्मू का सम्मान करते हैं, लेकिन हम यशवंत सिन्हा को वोट देंगे।
गौरतलब है कि पिछले महीने विपक्षी दलों ने जब यशवंत सिन्हा को संयुक्त उम्मीदवार बनाने का ऐलान किया था, तब ऐसा लग रहा था कि राष्ट्रपति चुनाव रोचक होगा। एनडीए का पलड़ा भले ही थोड़ा सा भारी रहे, लेकिन विपक्ष की तरफ से दमदार टक्कर मिलेगी। लेकिन जैसे-जैसे राष्ट्रपति चुनाव करीब आता गया, सिन्हा एक तरह से मुकाबले से ही बाहर हो गए। द्रौपदी मूर्मू की जीत तो एक तरह से तभी तय हो गई, जब नवीन पटनायक की बीजेडी और जगन मोहन रेड्डी की वाईएसआर कांग्रेस ने उन्हें समर्थन का ऐलान किया। और तो और कांग्रेस के साथ मिलकर झारखंड में सरकार चला रही झारखंड मुक्ति मोर्चा को भी मुर्मू की उम्मीदवारी ने पशोपेश में डाल दिया। हालांकि आखिरकार उन्होंने बीते दिनों एनडीए उम्मीदवार के समर्थ का ऐलान कर दिया।