
Punjab elections 2022 : पंजाब में 117 विधानसभा सीटों के लिए मतदान (Punjab elections 2022) शुरू हो गया है। पोलिंग बूथों पर (Punjab elections 2022) मतदाताओं की भीड़ जमकर उमड़ रही है। सुबह 9 बजे तक पहले घंटे के दौरान राज्य में 4.80% मतदान हुआ है। पूर्व CM प्रकाश सिंह बादल की लंबी सीट पर 6.20%, पूर्व CM कैप्टन अमरिंदर सिंह की पटियाला सीट पर 8%, नवजोत सिद्धू और बिक्रम सिंह मजीठिया की कड़ी फाइट वाली अमृतसर ईस्ट सीट पर महज 1.10%, CM चरणजीत सिंह चन्नी की भदौर सीट पर 6.50% व चमकौर साहिब पर 7%, भगवंत मान की धूरी सीट पर 5% और पूर्व डिप्टी CM सुखबीर सिंह बादल की जलालाबाद सीट पर 8% हो चुका है।
सिद्धू की सीट पर कम मतदान बेहद हैरानी वाला रहा है। हालांकि अमृतसर जिले की बात की जाए तो वहां अब तक 4.14% पोलिंग हो चुका है। इस लिहाज से भी सिद्धू की सीट पर बेहद कम मतदान हुआ है।
मतदान से पहले राज्य के सियासी दिग्गजों ने धार्मिक स्थलों पर माथा टेका है। बड़े चेहरों की बात की जाए तो आम आदमी पार्टी (AAP) के CM फेस भगवंत मान, बॉलीवुड स्टार सोनू सूद की बहन मालविका सूद, वित्त मंत्री मनप्रीत बादल, पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ और शिक्षा मंत्री परगट सिंह ने सुबह ही अपना वोट डाल दिया है। सोनू सूद की पत्नी सोनाली सूद भी अपनी ननद मालविका को जिताने की अपील करते हुए मोगा में वोट डालने पहुंची हैं। मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी सुबह 11 बजे खरड़ में मतदान करेंगे।
सभी बूथों पर कोरोना वायरस को ध्यान में रखते हुए सोशल डिस्टेंसिंग के लिए अरेंजमेंट किए गए हैं। साथ ही मतदाताओं के शरीर का तापमान चेक करने, उनके हाथ सैनिटाइज कराने और उन्हें मास्क व ग्लव्स उपलब्ध कराने का काम भी किया गया है। सुबह 8 बजे से शुरू हुआ मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पंजाब में 1304 उम्मीदवार मैदान में हैं।
पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रधान सुनील जाखड़ लाइन ने लाइन में सामान्य आदमी की तरह लगकर वोट किया। उन्हें लोगों ने कहा कि वह पहले वोट डाल लें, लेकिन वह लाइन में ही लगे रहे। इस बार वह चुनाव नहीं लड़ रहे हैं। उनकी जगह अबोहर सीट से भतीजे संदीप जाखड़ चुनाव लड़ रहे हैं।
पंजाब के शिक्षा, खेल और एनआरआई मामलों के मंत्री परगट सिंह ने जालंधर के मीठापुर में एक मतदान केंद्र पर वोट डाला। भारत के पूर्व हॉकी कप्तान रहे परगट का कहना है कि पंजाब के लोगों के बीच CM चरणजीत सिंह चन्नी द्वारा बनाए गए विश्वास पर वोटिंग होगी। बादल गांव में 75 साल की मूर्ति कौर ने वोट डाला। इसके बाद उन्होंने कहा, सभी को वोट जरूर डालना चाहिए। यह बेहद जरूरी है।