Fuel Price: पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमतों के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन
fuel price
भारत
चेतना मंच
31 Mar 2022 07:47 PM
Fuel Price: नई दिल्ली. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) और पार्टी के कई अन्य सांसदों ने पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस और सीएनजी की कीमतों में बढ़ोतरी के खिलाफ गुरुवार को संसद के पास धरना दिया. इस धरने में कांग्रेस के सभी बड़े नेता शामिल हुए. पार्टी सांसदों ने संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही शुरु होने से करीब डेढ़ घंटे पहले विजय चौक पर कांग्रेस के 'महंगाई मुक्त भारत' अभियान के तहत धरना दिया.
इस दौरान राहुल गांधी ने सरकार पर निशाना कहा कि पिछले 10 दिनों में पेट्रोल और डीजल के दामों (Fuel Price) में 9 बार बढ़ोतरी हुई है. उन्होंने कहा कि इसकी सीधी चोट आम आदमी पर पड़ रही है. हम सरकार से मांग करते हैं कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों को तुरंत कम किया जाना चाहिए. कांग्रेस आज पूरे देश में ईंधन की बढ़ी कीमतों के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है.
1 अप्रैल से National Highway पर सफर करना होगा महंगा
प्रर्दशन में राहुल गांधी के अलावा लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी, राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और कई अन्य सांसद शामिल हुए. कांग्रेस सांसदों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की.
इस दौरान कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने कहा, 'हमने पहले ही अनुमान लगाया था कि जब 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव खत्म होंगे तो ईंधन के दाम बढ़ाए जाएंगे. हम मांग करते हैं कि ईंधन बढ़ी कीमतों को वापस लिया जाए. सरकार ईंधन के बढ़े दामों के कारण आम आदमी को होने वाली परेशानी को नहीं समझ सकती.'