
Rail blockade : बिहार के लखीसराय जनपद के बड़हिया में पिछले 24 घंटों से चल रहे रेल चक्का जाम (Rail blockade) आंदोलन के चलते नई दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर ट्रेनों का संचालन पूरी तरह से ठप हो गया है। इस रूट पर चलने वाली 50 से ज्यादा ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है, जबकि 80 से अधिक ट्रेनों का मार्ग परिवर्तन किया गया है। इन ट्रेनों का मार्ग बदले जाने से इस रुट से गुजरने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रेल व जिला प्रशासन के काफी समझाने के बाद भी आंदोलनकारी मानने को तैयार नहीं हैं।
रेलवे की ओर से जारी जानकारी के अनुसार नई दिल्ली-हावड़ा मार्ग की हावड़ा, टाटा एवं दक्षिण से आने वाली ट्रेनों को किऊल से गया, नवादा, तिलैया के रास्ते और भागलपुर की तरफ से आने वाली ट्रेनों को मुंगेर के रास्ते परिचालन किया है। इधर बड़हिया रेलवे स्टेशन पर कोरोना से पूर्व रुकने वाली आठ जोड़ी ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर रविवार से शुरू चक्का जाम आंदोलन और उग्र होने की उम्मीद है। बड़हिया स्टेशन पर अप पाटलीपुत्र एक्सप्रेस अब भी खड़ी है, जबकि डाउन लाइन की पटरी पर लाल झंडा गाड़कर आंदोलन कर रहे लोगों का कब्जा है।
लखीसराय के जिलाधिकारी संजय कुमार, एसपी पंकज कुमार, दानापुर रेल मंडल के एडीआरएम विभूति भूषण गुप्ता सहित अन्य अधिकारी रविवार की रात बड़हिया स्टेशन से हट गए। इससे पहले कई दौर की वार्ता एडीआरएम और आंदोलनकारियों से हुई लेकिन बेनतीजा रही।
बड़हिया के लोग मांग के अनुरूप सभी ट्रेनों के ठहराव संबंधी आदेश पत्र की मांग कर रहे थे जबकि एडीआरएम आश्वासन दे रहे थे। लेकिन आंदोलन कर रहे लोगों ने नहीं माना। अंत में एडीआरएम ने तत्काल हटिया-पटना-हटिया पाटलिपुत्र का ठहराव अगले दिन से देने का मौखिक आश्वासन दिया। बावजूद बड़हिया के लोग नहीं माने। अंत मे सभी अधिकारी वहां से आधी रात को चल दिये। जीआरपी, आरपीएफ, जिला पुलिस बल अब भी वहां मौजूद है।