
Rajya Sabha Elections 2022 : राज्यसभा चुनाव में 4 राज्यों महाराष्ट्र, कर्नाटक, हरियाणा और राजस्थान की शेष बचीं 16 सीटों के लिए आज मतदान हो रहा है। महाराष्ट्र (6 सीटें), हरियाणा (2 सीटें), राजस्थान (4 सीटें) और कर्नाटक (4 सीटें) चारों ही राज्यों में रिक्त राज्यसभा सीटों के मुकाबले अतिरिक्त उम्मीदवारों के मैदान में उतरने से मुकाबला दिलचस्प हो गया है। इनमें से 4 सीटों पर क्रॉस वोटिंग व विधायकों की खरीद-फरोख्त पर चर्चाओं का बाजार गर्म है।
राज्यसभा के लिए 15 राज्यों की 57 सीटों में से 41 पर उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं। भाजपा और कांग्रेस ने जहां अतिरिक्त उम्मीदवार उतारे हैं, वहीं कुछ निर्दलीय उम्मीदवार भी मैदान में हैं। क्रॉस वोटिंग और विधायकों की खरीद फरोख्त से बचने के लिए दोनों दलों ने खासकर राजस्थान और हरियाणा में विधायकों को रिजॉर्ट में रखा है। राजस्थान में निर्दलीय उम्मीदवार सुभाष चंद्रा के जरिये संख्या बल बढ़ाने में जुटी भाजपा ने अपने विधायकों को एकजुट रखने के लिए मजबूत तैयारी की है। हरियाणा में कार्तिकेय शर्मा निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में मैदान में हैं, जिन्हें भाजपा का समर्थन प्राप्त है।
अपडेट हरियाणा के निर्दलीय विधायक रणधीर गोलान ने कहा कि कुलदीप बिश्नोई कांग्रेस से खफा हैं, उन्हें वोट नहीं देंगे। कांग्रेस का एक और विधायक भी पार्टी को वोट नहीं देने जा रहा है लेकिन मैं नाम नहीं लूंगा। सभी 6 निर्दलीय विधायकों ने भाजपा को वोट दिया।
राज्यसभा चुनाव के लिए महाराष्ट्र विधानसभा में जारी वोटिंग के बीच नवाब मलिक ने बॉम्बे हाईकोर्ट में फिर अर्जी लगाई है। उन्होंने कहा है कि उनको जमानत नहीं चाहिए, बल्कि वोटिंग का अधिकार चाहिए।
भाजपा ने JDS विधायक रेवन्ना (देवगौड़ा के बेटे) की शिकायत की है। कहा गया है कि उन्होंने अपना बैलेट पेपर डीके शिवकुमार को दिखाया था जो कि कांग्रेस के पोलिंग एजेंट हैं। इसलिए उनका वोट अवैध माना जाना चाहिए।
जद (एस) नेता एचडी कुमारस्वामी ने कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया पर कर्नाटक राज्यसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार की मदद करने का आरोप लगाया है। उन्होंने न्यूज एजेंसी एएनआई से कहा कि सीटी रवि भाजपा के महासचिव हैं, तो वह कांग्रेस कार्यालय में कैसे घुसे? इससे पता चलता है कि सीटी रवि भाजपा उम्मीदवार की जीत में सहयोग के लिए सिद्धारमैया से मिलने गए थे।
महाराष्ट्र में राज्यसभा चुनाव के लिए पहले 1.5 घंटे में 50 फीसदी मतदान हो चुका है। 143 विधायक अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके हैं। भाजपा के 60 से ज्यादा और कांग्रेस के 20 विधायकों ने वोट डाल दिया है।
चुनाव आयोग के मुताबिक राज्यसभा के लिए मतदान सुबह 9 बजे से शुरू होकर शाम 4 बजे तक चलेगा। शाम 5 बजे गिनती शुरू होगी और 6 बजते बजते स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।