Rakesh Jhunjhunwala : देश के दिग्गज उद्योगपति राकेश झुनझुनवाला का निधन, छोड़ गए हैं 46 हजार करोड़ का एम्पायर
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 09:23 AM
Mumbai : मुंबई। देश के दिग्गज उद्योगपति और शेयर बाजार के बिग बुल(Big Bull) कहे जाने वाले राकेश झुनझुनवाला का शनिवार की सुबह निधन हो गया। वह 62 वर्ष के थे। मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल ने सुबह उनके निधन की जानकारी दी। बीते हफ्ते सात अगस्त को ‘अकासा एयर’ की लॉन्चिंग के दौरान मुंबई एयरपोर्ट पर वह व्हील चेयर पर नजर आए थे। इस एयरलाइन में उनकी बड़ी हिस्सेदारी है। फोर्ब्स की दुनिया के अमीरों की लिस्ट में उनकी 440वीं रैंक है। उनकी नेटवर्थ 5.8 अरब डॉलर यानी करीब 46 हजार करोड़ रुपये है।
राकेश झुनझुनवाला (-Rakesh Jhunjhunwala) मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में शनिवार की सुबह ली आखिरी सांस के परिवार में पत्नी रेखा झुनझुनवाला, बेटी निष्ठा झुनझुनवाला, बेटे आर्यमान और आर्यवीर झुनझुनवाला हैं। राकेश झुनझुनवाला की कुल नेटवर्थ करीब 46 हजार करोड़ रुपए है। राकेश झुनझुनवाला को भारत के वॉरेन बफे के रूप में जाना जाता है। वो देश के सबसे सफल निवेशकों में से एक हैं। राकेश ने 1985 में 5000 रुपये के साथ निवेश करना शुरू किया। उस समय बीएसई इंडेक्स 150 पर था। उन्होंने 2003 में पत्नी रेखा के कहने पर अपनी खुद की स्टॉक ट्रेडिंग फर्म रेयर एंटरप्राइजेज की स्थापना की थी। इसके नाम में उन्होंने अपनी और अपनी पत्नी रेखा के नाम के पहले दो अक्षरों पर रखा है।
राकेश सही निर्णय, संभावित मल्टीबैगर में निवेश और जरूरत के अनुसार पोर्टफोलियो में बदलाव करते रहे, जिसने उन्हें शेयर मार्केट का बिग बुल बना दिया। एक्सचेंजों पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार जून क्वार्टर में राकेश झुनझुनवाला के पास 32 कंपनियों शेयर हैं। इन 32 कंपनियों में अनंत राज, टाटा मोटर्स, टाइटन, फेडरल बैंक, नजारा, स्टार हेल्थ जैसी कंपनियां शामिल हैं। झुनझुनवाला एक समय में स्टॉक मार्केट में बियर थे यानी मंदड़िए। उन्होंने 1992 में हर्षद मेहता घोटाले का खुलासा होने पर शॉर्ट सेलिंग के जरिए बड़ा मुनाफा कमाया था। 1990 के दशक में भारतीय स्टॉक मार्केट में कई प्रतिष्ठित कार्टेल थे। ऐसा ही एक कार्टेल मनु मानेक का था जो बियर कार्टेल था। इस कार्टेल को ब्लैक कोबरा कहते थे और इसे राधाकिशन दमाणी और झुनझुनवाला भी फॉलो करते थे। पत्रकार सुचेता दलाल ने हर्षद मेहता के घोटालों का खुलासा किया था, जिसके बाद मार्केट क्रैश कर गया था।
अकासा एयरलाइन में राकेश झुनझुनवाला ने 35 मिलियन डॉलर यानी करीब 278 करोड़ रुपये का निवेश किया है। उनकी इस एयरलाइन में करीब 40 फीसदी हिस्सेदारी है। वो एयरलाइन के बिजनेस में ऐसे समय में उतरे, जब फ्यूल प्राइस काफी हाई है और कई कंपनियां परेशानियों से जूझ रही है। हालांकि, अकासा एयर के लॉन्चिंग पर उन्होंने कहा था, बहुत से लोगों के मन में सवाल है। मैंने एक एयरलाइन क्यों शुरू की। उनके सवाल का जवाब देने के बजाय मैं सिर्फ कहूंगा कि मैं फेल होने के लिए तैयार हूं। कोशिश नहीं करने के बजाय प्रयास करने के बाद नाकाम होना बेहतर है। राकेश झुनझुनवाला अपने पीछे एक बड़ा साम्राज्य छोड़ गए हैं।
अकासा एयर में झुनझुनवाला और उनकी पत्नी की कुल हिस्घ्सेदारी 40 फीसदी से ज्यादा है। स्टार हेल्थ एलाइड इंश्योरेंस में भी वो प्रमोटर हैं। जून क्वार्टर में इसमें उनकी हिस्सेदारी करीब 17.46 प्रतिशत थी। ऐसे में अब उनकी पत्नी पर इस साम्राज्य को संभालने की पूरी जिम्मेदारी आ गई है। वो अपने बच्चों के साथ मिलकर अब इसे संभालेंगी। झुनझुनवाला के चले जाने से उनके एयरलाइन और अन्य बिजनेस को अब बड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है।