क्या राकेश टिकैत लड़ने जा रहे हैं चुनाव? कही ये बड़ी बात
राकेश टिकैत ने चुनाव लड़ने को लेकर कही बड़ी बात.
भारत
चेतना मंच
29 Nov 2025 02:53 PM
नई दिल्ली. केंद्र सरकार की ओर से लाए गए 3 विवादित कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का आंदोलन (Farmers Protest) करीब 1 साल से अधिक समय तक चला. पिछले दिनों सरकार की ओर से इन्हें वापस ले लिया गया है. अब न्यूनतम समर्थन मूल्य पर कमेटी समेत अन्य कई मांगों पर भी सरकार की सहमति के बाद किसान आंदोलन (Farmers) को स्थगित कर दिया गया है. अब दिल्ली की सीमाओं से किसान अपने घरों की ओर लौट गए हैं. भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत (Rakesh Tikait) की भी वापसी हो गई है.
किसान नेता राकेश टिकैत (Rakesh Tikait) बुधवार यानी 15 दिसंबर को दिल्ली से लौटे हैं. इस दौरान मेरठ में किसानों की ओर से उनका जोरदार स्वागत किया गया. वहीं राकेश टिकैत के चुनाव लड़ने की भी चर्चाएं काफी जोर पकड़ रही हैं. इस पर उन्होंने प्रतिक्रिया दी है. समाचार एजेंसी एएनआई से उन्होंने कहा है कि वह किसी भी तरह का चुनाव नहीं लड़ेंगे.
राकेश टिकैत ने एएनआई से कहा है, 'मैं कोई चुनाव नहीं लड़ने जा रहा हूं. किसी भी राजनीतिक दल को अपने पोस्टर या किसी अन्य सामग्री में मेरे नाम या फोटो का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए.'
अजय मिश्रा मामले में प्रियंका का हमला, कहा- यह सरकार के नैतिक दिवालियेपन का स्पष्ट संकेतUp Election: कुख्यात गैंगेस्टर मुख्तार की विधान सभा में बसपा सुप्रीमो का मास्टर स्ट्रोक
बुधवार को गाजीपुर से किसानों के रवाना होने से पहले पत्रकारों से बात करते हुए राकेश टिकैत ने सहयोग के लिए जनता का आभार जताया था. उन्होंने कहा था, '383 दिनों तक चले किसान आंदोलन ने बहुत कुछ सिखाया है और इसे याद रखा जाएगा. आंदोलन की खट्टी मीठी, कड़वी यादें हमेशा साथ रहेगी.'
राकेश टिकैत ने गाजीपुर से रवानगी के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर भी शेयर किए. टिकैत ने ट्वीट किया '13 महीने सड़क पर संघर्ष, आज घर वापसी देश के नागरिकों का हार्दिक आभार.'