रालोद ने तेज की लोकसभा चुनाव की तैयारियाँ , दो मण्डलों व 8 ज़िलों में बनाए नए अध्यक्ष
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 07:16 PM
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाने के लिए राष्ट्रीय लोकदल (Rashtriya Lok Dal) ने अपनी पार्टी के संगठन को चाक चौबंद करना शुरू कर दिया है। रालोद मुखिया जयंत चौधरी पश्चिमी यूपी में मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाने के लिए हर संभव कदम उठा रहे हैं। इसी कड़ी में पार्टी ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अपने दो मंडलों व 8 जिलों में नए अध्यक्षों की तैनाती कर दी है।
पार्टी प्रवक्ता ने बताया कि पार्टी ने मेरठ व सहारनपुर मंडलों में अपने नए अध्यक्ष तैनात किए है। मेरठ मंडल का अध्यक्ष इंद्रवीर सिंह भाटी को व सहारनपुर मंडल का अध्यक्ष प्रभात तोमर को बनाया गया है। इसी कड़ी में 8 नए जिलाध्यक्ष भी तैनात किए गए हैं। जिसमे जनार्दन भाटी को गौतमबुद्धनगर जिले का, अन्नू चौधरी को बुलंदशहर, मथुरा में राजपाल भृङ्गर, हाथरस में केशव देव चौधरी, मेरठ में मतलूब गौड़, मुजफ्फर नगर में संदीप मलिक व शामली में वाजिद अली के साथ साथ बिजनौर जिले में नागेंद्र पंवार को राष्ट्रीय लोक दल का जिलाध्यक्ष बनाया गया है। सभी नए जिलाध्यक्षों को तुरंत पदभार संभाल कर अपनी अपनी कमेटी गठित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। रालोद प्रवक्ता का दावा है कि पश्चिमी यूपी में रालोद मजबूत विपक्ष की भूमिका पूरी जिम्मेदारी से निभा रहा है।